Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट को मिले 3 नए ट्रस्टी, सीईओ का ऐलान भी आज

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में तीन नए ट्रस्टियों की नियुक्ति की गई है। दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को ट्रस्ट में शामिल किया गया है।
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट को मिले 3 नए ट्रस्टी, सीईओ का ऐलान भी आज
फाइल फोटो

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टियों को शामिल किया गया है। दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को नई जिम्मेदारी दी गई है। महेश भागचंदका को दिवंगत अशोक सिंघल का रिश्तेदार बताया जा रहा है। ट्रस्ट की बैठक अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास मणिरामदास छावनी में हो रही है।

आज मिल सकता है ट्रस्ट को पहला CEO 

बैठक में ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO के चयन को लेकर भी फैसला होने की संभावना है। CEO के चयन के लिए गठित कमेटी अपनी रिपोर्ट पहले ही ट्रस्ट को सौंप चुकी है। चयन प्रक्रिया के बाद तीन नामों को अंतिम सूची में रखा गया है। अब ट्रस्ट इन नामों पर विचार कर अंतिम निर्णय ले सकता है और जल्द ही CEO के नाम की औपचारिक घोषणा होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: अयोध्या: राम मंदिर में अर्चकों के लिए नया ड्रेस कोड, 15 अगस्त से लागू होगी नई व्यवस्था

चार नामों पर रही सबसे ज्यादा चर्चा 

CEO पद की दौड़ में पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय और परेश सक्सेना के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं। इनके अलावा दो IAS अधिकारियों योगेश्वर राम मिश्रा और दिनेश चंद्र सिंह के नाम की भी चर्चा रही। हालांकि अंतिम रूप से किन तीन नामों को चयन समिति ने ट्रस्ट के सामने रखा है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

5500 से ज्यादा आवेदनों से शुरू हुई चयन प्रक्रिया 

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए 5,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। चयन के लिए रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, सुरेश हावरे और विष्णुकांत चतुर्वेदी की तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी। आवेदकों को गूगल फॉर्म के जरिए 600 अंकों से जुड़े सवाल भेजे गए। इनमें से 3,500 से अधिक अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरकर भेजा, जिसके आधार पर उनकी मार्किंग की गई।

ये भी पढ़ें: कौन होगा राम मंदिर का पहला CEO? इस पूर्व IPS के नाम पर लगभग बनी सहमति, आज फैसला संभव

17 और फिर तीन नाम हुए शॉर्टलिस्ट 

मार्किंग के बाद 108 उम्मीदवारों ने 600 में से 470 से अधिक अंक हासिल किए। इनका वर्चुअल इंटरव्यू लिया गया और इसके बाद 17 उम्मीदवारों को अंतिम प्रक्रिया के लिए चुना गया। इन अभ्यर्थियों को अयोध्या बुलाकर फाइनल इंटरव्यू लिया गया। इस दौरान नेतृत्व क्षमता, आस्था, मंदिर की व्यवस्थाओं और संभावित चुनौतियों को समझने की क्षमता समेत कई पहलुओं पर आकलन किया गया। इसके बाद तीन नामों को अंतिम रूप से चयन समिति ने ट्रस्ट के सामने रखा है। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts