PlayBreaking News

कारगिल विजय दिवस पर राजनाथ सिंह का पाकिस्तान को दोटूक संदेश,बोले- 'ऑपरेशन सिंदूर' ने बदली तस्वीर, PoK पर ही होगी बातचीत

कारगिल विजय दिवस पर द्रास में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सैन्य क्षमता साबित कर दी है। पाकिस्तान से बातचीत केवल PoK पर होगी। उन्होंने रक्षा आत्मनिर्भरता, सेना के आधुनिकीकरण और आतंकवाद के खिलाफ भारत की नई रणनीति पर भी विस्तार से अपनी बात रखी।
Follow on Google News
बोले- 'ऑपरेशन सिंदूर' ने बदली तस्वीर, PoK पर ही होगी बातचीत
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दोटूक संदेश दिया है।

कारगिल विजय दिवस के 27वें अवसर पर लद्दाख के द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' ने यह साबित कर दिया है कि भारत अब किसी भी दुस्साहस का पहले से ज्यादा निर्णायक और प्रभावी जवाब देने की क्षमता रखता है। रक्षा मंत्री ने दोहराया कि यदि भविष्य में पाकिस्तान के साथ कोई बातचीत होती है तो वह केवल पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के मुद्दे पर ही होगी, क्योंकि वह भारत का अभिन्न हिस्सा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब आतंकवाद और उसे संरक्षण देने वाले तंत्र के खिलाफ स्पष्ट नीति पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सेना के आधुनिकीकरण और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

'ऑपरेशन सिंदूर' ने दुनिया को दिखाया भारत का नया रुख

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत की बदली हुई सुरक्षा नीति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का प्रमाण है कि भारत पाकिस्तान की हर दुस्साहसपूर्ण हरकत का उसकी कल्पना से भी अधिक सख्त जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान भारत ने साफ कर दिया कि अब आतंकवादियों और उन्हें संरक्षण देने वाली व्यवस्था को अलग-अलग नहीं देखा जाएगा। देश की सुरक्षा के खिलाफ होने वाली हर कार्रवाई का जवाब पूरी मजबूती से दिया जाएगा।

पाकिस्तान पर साधा निशाना, आतंकवाद पर कही बड़ी बात

राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वहां सेना और आतंकवादी संगठनों के बीच का अंतर लगभग खत्म हो चुका है। उनके अनुसार, पाकिस्तान ने आतंकवाद को अपनी राज्य नीति का हिस्सा बना लिया है। उन्होंने कहा कि भारत ऐसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर सशस्त्र बल हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 27 वर्षों में भारत और पाकिस्तान की विकास यात्रा पूरी तरह अलग दिशा में चली गई है। जहां भारत स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, डिजिटल टेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष मिशन और नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है, वहीं पाकिस्तान घुसपैठ, कट्टरपंथ, आतंकवाद और प्रॉक्सी वॉर को बढ़ावा देने में लगा हुआ है।

Prahlad Joshi : धर्मेंद्र प्रधान के बाद प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्रालय, मोदी सरकार ने दिया अतिरिक्त प्रभार

PoK पर दोहराया भारत का स्पष्ट रुख

रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान के साथ वार्ता को लेकर भारत की नीति दोहराते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर बातचीत होगी तो उसका विषय केवल पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) होगा। उन्होंने कहा कि PoK भारत का अभिन्न हिस्सा है और इस मुद्दे पर देश की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट और अटल है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पाकिस्तान भारत की सुरक्षा या विकास में बाधा डालने का प्रयास करेगा तो भारतीय सशस्त्र बल उसे करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

सेना को मिली पूरी राजनीतिक स्वतंत्रता

राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने भारतीय सेना को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हर खतरे का जवाब देने के लिए पूरी राजनीतिक स्वतंत्रता दी है। उन्होंने कारगिल युद्ध के सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा और कैप्टन मनोज कुमार पांडेय के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और देश हमेशा उनके बलिदान का ऋणी रहेगा।

Breaking News

रक्षा आत्मनिर्भरता पर सरकार का फोकस

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने बताया कि पहले देश अपनी 65 से 70 प्रतिशत रक्षा जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर था, जबकि अब करीब 65 प्रतिशत रक्षा उपकरण देश में ही तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आकाश-तीर एयर डिफेंस सिस्टम, तेजस लड़ाकू विमान, प्रचंड हेलीकॉप्टर, आईएनएस विक्रांत, अर्जुन टैंक, पिनाका रॉकेट सिस्टम, अस्त्र मिसाइल और स्वदेशी ड्रोन जैसे प्लेटफॉर्म भारतीय सेना की ताकत को लगातार बढ़ा रहे हैं। अपने संबोधन के अंत में राजनाथ सिंह ने कैप्टन विक्रम बत्रा के प्रसिद्ध नारे "ये दिल मांगे मोर" का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल कारगिल युद्ध की याद नहीं, बल्कि आज भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता और मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा के संकल्प का भी प्रतीक बन चुका है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts