Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

REEL बनाने की सनक… मां-बाप ने बेटी से करवाया खतरनाक स्टंट, डैम की रैलिंग पर बैठाया, VIDEO VIRAL

REEL बनाने की सनक… मां-बाप ने बेटी से करवाया खतरनाक स्टंट, डैम की रैलिंग पर बैठाया, VIDEO VIRAL

राजस्थान। रील के पीछे भागती दुनिया में लोग यह भूल जाते हैं कि एक पल की सनक, जिंदगी भर का पछतावा बन सकती है। कुछ सेकंड के वीडियो के लिए कई बार जान और जज्बात दोनों दांव पर लग जाते हैं। ऐसा ही एक मामला भरतपुर के बांध बरैठा से सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी 7 साल की बेटी को केवल सोशल मीडिया रील बनाने के लिए खतरे में डाल दिया। उसने मासूम बच्ची को बांध की रेलिंग के पार एंगल से होते हुए गहरे पानी के ऊपर बने गेज बॉक्स तक पहुंचाया और वहां बैठाकर उसका हाथ छोड़ दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में दिखी मां की भी लापरवाही

वीडियो में सिर्फ पिता ही नहीं, बच्ची की मां भी नजर आ रही है। वह न केवल बच्ची को रोकने की कोशिश नहीं करती, बल्कि उसे एंगल पार करने के लिए प्रोत्साहित करती है। बच्ची के चेहरे पर डर साफ दिखाई देता है, लेकिन इसके बावजूद मां-बाप वीडियो बनाने में मशगूल नजर आते हैं।

सिंचाई विभाग के AEN ने बताया कि अगर बच्ची का संतुलन बिगड़ता, तो वह करीब 30 फीट गहराई में गिर सकती थी। गेज बॉक्स बांध की कैनाल नंबर 1 और 3 के बीच स्थित है। फिलहाल बांध में 25 फीट तक पानी भरा हुआ है, और उसकी भराव क्षमता 29 फीट है।

अब तक नहीं हो सकी दंपती की पहचान

बांध बरैठा चौकी इंचार्ज ASI भरत लाल ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक बच्ची और उसके माता-पिता की पहचान नहीं हो पाई है। वीडियो किसी तीसरे व्यक्ति ने शूट किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बांध क्षेत्र में एक कॉन्स्टेबल की तैनाती कर दी गई है।

प्रशासन की अपील के बावजूद लापरवाही

भरतपुर कलेक्टर कमर चौधरी ने तीन दिन पहले ही जलभराव और बांध जैसे क्षेत्रों में जाने से आमजन को मना किया था। उन्होंने खासकर पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की थी। इसके बावजूद लोग प्रशासन की चेतावनियों को नजरअंदाज कर रहे हैं।

प्रकृति का आनंद या जोखिम भरा रोमांच?

बांध बरैठा का प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को आकर्षित कर रहा है। रोजाना सैकड़ों लोग यहां घूमने आते हैं, लेकिन कुछ लोग अपने और अपने बच्चों की जान जोखिम में डालकर सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह में गंभीर गलतियां कर रहे हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts