ताजा खबरमध्य प्रदेशराष्ट्रीय

राहुल गांधी माफी क्यों मांगें : दिग्विजय के सवाल पर लोग बोले- कांग्रेस की मांग जायज, अडाणी मामले की JPC जांच हो

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को कहा कि भाजपा जानबूझकर संसद नहीं चलने दे रही है। वह चाहती है कि राहुल गांधी माफी मांगें। दिग्विजय ने सवाल उठाया- राहुल गांधी ने विदेश में मोदी जी और भाजपा के बारे में कुछ तथ्यों को उजागर किया। कांग्रेस चाहती है कि सरकार अडाणी प्रकरण की जांच कराए। उन्होंने पूछा- आप ही बताएं, संसद में लाखों करोड़ के घोटाले पर चर्चा होनी चाहिए या फिर भाजपा की मांग पर।

अडाणी ग्रुप की जेपीसी जांच कराने की मांग कर रही कांग्रेस

दरअसल, कांग्रेस ने अडाणी ग्रुप पर लगे लाखों करोड़ की गड़बड़ियों के आरोपों की जांच के लिए जेपीसी का गठन करने की मांग की है। वहा अडाणी मामले पर चर्चा की मांग कर रही है, लेकिन सरकार राहुल गांधी के ब्रिटेन में दिए गए भाषण पर माफी मांगने का दबाव बना रही है। इसी मुद्दे को लेकर संसद में गतिरोध चल रहा है।

लोग बोले- कांग्रेस की मांग जायज

गुरुवार सुबह ट्विटर पर दिग्विजय ने इसी मुद्दे को उठाया और लोगों से राय मांगी। उनके पोस्ट पर धर्मेंद्र कुमार शर्मा नामक एक यूजर ने लिखा- कांग्रेस की मांग बिल्कुल जायज है। राहुल गांधी द्वारा यदि किसी विदेशी विश्वविद्यालय में भारत की वर्तमान स्थिति पर सच बोला गया तो उसमें आपत्ति क्या? क्या राहुल ने झूठ बोला? नहीं, पूर्ण सत्य बोला और भाजपा के कुकर्मों को बताया। अड़ानी मामले में क्यों मोदी के मुंह में दही जमा हुआ है?

ट्विटर पर यूजर्स की प्रतिक्रिया

राजेश जैन नामक एक यूजर ने लिखा- कोई तो ऐसा ठोस सबूत तो रखो, जिस पर JPC बने। अभी तो ऐसा दिख रहा है कि एक व्यापारी ने तरक्की कर ली तो सब चिढ़ गए। किसी विदेशी संस्था ने शॉर्ट सेल करके रिपोर्ट दी तो पहले उसकी सच्चाई परखो न कि हल्ला। रहा सवाल राहुल का तो स्वयं विचार करो उनके वक्तव से पार्टी को लाभ है या हानि!

एक अन्य यूजर ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए लिखा- 8 बिलियन से 140 बिलियन क्या सबूत नहीं है। क्या आपने नहीं देखा कि श्रीलंका सरकार ने क्या कहा?

विकास सिंह नामक यूजर ने लिखा- अमेरिका के जिस बैंक ने अडाणी के बॉन्ड की कीमत को जीरो घोषित कर दिया था, मोदी और अडाणी ने साजिश करके उस बैंक को भी दीवालिया होने की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया।अब आपको केवल हिंदुस्तान के लोगों की लड़ाई नहीं लड़नी है, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों के लिए लड़ाई लड़नी है।

राहुल ने ब्रिटेन में कही थी ये बात

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले दिनों ब्रिटेन दौरे पर गए थे। पत्रकारों के एक संघ के एक कार्यक्रम में राहुल ने कहा था कि अगर यूरोप से तीन या 4 गुना बड़े देश में लोकतंत्र खत्म हो जाता है, तो आप क्या प्रतिक्रिया देंगे। राहुल ने कहा- असल में भारत में ऐसा हो चुका है, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। इसकी वजह यह है कि कारोबार और पैसे का मामला है। अमेरिका से आबादी में तीन से 4 गुना बड़े देश में लोकतंत्र समाप्त हो रहा है और इसकी रक्षा करने का दावा करने वाले अमेरिका और यूरोप चुपचाप देख रहे हैं। विपक्ष के तौर पर हम लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन यह अकेले भारत की जंग नहीं है। यह पूरे लोकतंत्र का एक संघर्ष है।

भाजपा कर रही माफी की मांग

लोकतंत्र पर राहुल के इस बयान को भाजपा ने देश की बेइज्जती करार दिया है। 13 मार्च को दोबारा शुरू हुए संसद के बजट सत्र में भाजपा लगातार राहुल गांधी से ब्रिटेन में दिए गए उनके बयान के लिए माफी मांगने का दबाव बना रही है। इसी को लेकर संसद में गतिरोध जारी है। हालांकि, कांग्रेस ने माफी मांगने से इनकार कर दिया है।

यह भी पढ़ें People’s Update LIVE : अफगानिस्तान में बस पलटने से सोने की खदान में काम करने वाले 17 लोगों की मौत

संबंधित खबरें...

Back to top button