पंजाब: कांग्रेस विधायक दल की बैठक, सीएम पद के साथ ही पार्टी से भी इस्तीफा दे सकते हैं अमरिंदर सिंह
Publish Date: 18 Sep 2021, 3:59 PM (IST)Updated On: 18 Sep 2021, 4:15 PM (IST)Reading Time: 2 Minute Read
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में इस समय बड़ी सियासी उठापटक चल रही है। कांग्रेस आलाकमान के आदेश पर शनिवार शाम 5 बजे चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सभी विधायकों को शामिल होने के लिए कहा गया है। खबरों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान ने सीएम अमरिंदर सिंह से मुख्यमंत्री पद छोड़ने को कहा है। वहीं अमरिंदर सिंह इस तरह विधायक दल की बैठक बुलाए जाने से खासे नाराज हैं।
सुनील जाखड़ हो सकते हैं सीएम
सीएम अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर इस बात पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। सिंह ने कहा कि यदि इस तरह उन्हें कांग्रेस पद से हटाया जाता है तो यह उनका अपमान होगा। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि यदि अमरिंदर सिंह को सीएम पद से हटाया जाता है तो वह कांग्रेस से भी इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि राहुल गांधी ने एक बड़ा फैसला ले लिया है। माना जा रहा है कि सुनील जाखड़ पंजाब के मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं।
कांग्रेस भवन पहुंचे सिद्धू
कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत के साथ आज आलाकमान के नियुक्त दो पर्यवेक्षक भी बैठक में मौजदू रहेंगे। माना जा रहा है कि आज की कांग्रेस विधायक दल की बैठक में ये फैसला हो जाएगा कि अमरिंदर चुनाव तक पंजाब के मुख्यमंत्री रहेंगे या नहीं। वहीं इससे पहले रावत ने कहा था कि 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव अमरिंदर सिंह की अगुवाई में ही लड़ा जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू चंडीगढ़ में कांग्रेस भवन पहुंच गए हैं।
कैप्टन की प्रेस कॉन्फ्रेंस साढ़े चार बजे
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार ने जानकारी दी कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले शाम साढ़े चार बजे संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अमरिंदर सिंह साढ़े चार बजे सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके साथ ही वह कांग्रेस से भी इस्तीफा दे सकते हैं। पांच बजे कांग्रेस के विधायक दल की बैठक होनी है। अभी सिंह और उनके खेमे के पार्टी विधायकों की चंडीगढ़ में उनके आधिकारिक आवास पर मीटिंग चल रही है।
Related Posts