इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

मंदसौर में दर्दनाक सड़क हादसा : खड़े ट्राले से कार टकराई, उज्जैन के तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

मंदसौर। मंदसौर के पास सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उज्जैन के तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी कार से सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे इस दौरान यह दुर्घटना हुई।

सांवरिया सेठ के दर्शन करने जा रहे थे सभी

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कल रात 3:30 बजे के करीब मंदसौर जिले के मुलतानपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि पवासा निवासी अजय मीणा, विजय ठाकुर, रितिक गिरिया और लकी नामक युवक आपस में दोस्त हैं। कल रात को चारों कार से सांवरिया सेठ के दर्शन करने के लिए उज्जैन से रवाना हुए। इस दौरान रात्रि को उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से जा टकराई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। खबर मिलने पर मुलतानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज

मृतकों की पहचान अजय मीणा निवासी पवासा, विजय ठाकुर निवासी गधा पुलिया और रितिक गिरिया निवासी मंछामन रेलवे कॉलोनी रूप में हुई है। एक अन्य घायल लकी को गंभीर अवस्था में इंदौर रेफर किया गया है। हादसे की खबर लगते ही मृतकों के परिजन मंदसौर के लिए रवाना हो गए थे। सभी मृतकों का मंदसौर के जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। मुलतानपुर पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

https://twitter.com/psamachar1/status/1658366458299121664

(इनपुट – संदीप पांडला)

संबंधित खबरें...

Back to top button