Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आज ही के दिन हुआ था प्रिंस चार्ल्स और डायना का तलाक, इनकी शादी देखने के लिए 6 लाख लोग सड़कों पर जुटे थे

लंदन। 29 जुलाई 1981 को लंदन के सेंट पॉल चर्च में एक बेहद खास शादी हुई जिसकी चर्चा दुनियाभर में थी। इस दिन प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना शादी के बंधन में बंध गए थे। कहा जाता है कि डायना दुनिया की सबसे चर्चित और मशहूर राजकुमारी थीं। उनकी जिंदगी का हर सेकेंड एक ब्लॉकबस्टर फिल्म था। लोग उनके हंसने-रोने, उठने-बैठने और चलने पर भी तारीफों के पुल बांध देते थे। यानी उनकी जिंदगी का हर आम लम्हा दुनिया के लिए बेहद खास था।

डायना को थी सामान्य जीवन जीने की आदत

बड़ी धूमधाम के साथ हुई इस शादी को दुनियाभर के 100 करोड़ लोगों ने टीवी पर देखा था, 6 लाख लोग लंदन की सड़कों पर थे और 2650 खास मेहमान चर्च में बुलाए गए थे। प्रिंस चार्ल्स और डायना की शादी को 74 देशों में दिखाया गया था, जिसे करीब 750 मिलियन लोगों ने देखा था। लेकिन सामान्य जीवन जीने वाली डायना के लिए शाही जिंदगी जहां अपने साथ कई सुविधाएं लेकर आई। तो वहीं कई परेशानियां भी। शाही परिवार के शाही सदस्य होने का दबाव, 24 घंटे पीछा करती मीडिया और निजी मसलों में भी दुनियाभर की निगाहों ने डायना की प्राइवेसी छीन ली थी।

लेडी डायना से प्रिंसेस डायना तक

डायना, एक सामान्य परिवार में जन्मी थीं। उनके माता-पिता कम उम्र में ही अलग हो गए थे। करीब 8 साल की होने पर उन्हें बोर्डिंग स्कूल भेज दिया गया था। डायना पढ़ाई में अच्छी नहीं थीं। वो कई बार फेल हो चुकी थीं। इसे लेकर उनका कई बार मजाक भी उड़ाया जाता था। माता-पिता के तलाक के बाद डायना और उनके भाई-बहनों की कस्टडी उनके पिता को मिली थी। लेडी डायना पहली बार तब सुर्खियों में आईं जब उनकी और ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स की सगाई की बात सामने आई। 29 जुलाई, 1981 में प्रिंस चार्ल्स से शादी के बाद लेडी डायना, प्रिंसेस डायना बन गईं। डायना शाही परिवार का हिस्सा बनने से पहले बेहद सामान्य जिंदगी जी रही थीं, लेकिन शाही परिवार में आते ही सब बदल गया।

28 अगस्त 1996 को हुआ तलाक

साल 1986 तक डायना दो बच्चों की मां बन चुकी थीं। उस समय उनके चार्ल्स के साथ रिश्ते और बिगड़ने लगे थे। डायना को पता चल गया था कि चार्ल्स और कैमिला वापस साथ आ गए हैं। दोनों के बीच ये दूरी लोगों को भी नजर आने लगी थी। लोगों को दोनों के खराब रिश्ते, डायना के डिप्रेशन और चार्ल्स-कैमिला के अफेयर के बारे में पता चल चुका था। लोगों के बीच हो रही बातों को देखते हुए शाही परिवार ने दोनों को अलग करने का फैसला लिया। लेकिन कहा जाता है कि डायना अपने बच्चों के खातिर तलाक के लिए राजी नहीं थीं। 9 दिसंबर 1992 को प्रधानमंत्री जॉन मेजर ने दोनों के बीच सेपरेशन की घोषणा की। 28 अगस्त 1996 को दोनों का आधिकारिक तौर पर तलाक हो गया। चार्ल्स और कैमिला पार्कर बोल्ज़ एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। मगर कैमिला पहले से शादीशुदा थीं। इसके चलते ब्रिटिश रॉयल फैमिली इस शादी के खिलाफ थी। चार्ल्स ने मजबूरी में डायना से शादी की थी।

कई चैरिटी कार्यों से जुड़ी थीं डायना

प्रिंसेस डायना का कहना था, 'मैं एक स्वच्छंद व्यक्ति हूं, बहुत से लोगों को मेरा स्वतंत्र रहना पसंद नहीं है, लेकिन मैं ऐसी ही हूं'। शाही परिवार की होने के बावजूद वो सामान्य लोगों की तरह जीना चाहती थीं। डायना कई चैरिटी कार्यों से जुड़ी थीं, जो शाही परिवार को पसंद नहीं था। अपनी जिंदगी में डायना ने करीब 100 चैरिटी संस्थाओं को सपोर्ट किया था। इसी कारण उनकी पर्सनल लाइफ में दिक्कतें बढ़ती गईं। दोनों के दो बेटे प्रिंस विलियम्स और प्रिंस हैरी हैं। Princess Diana

मौत पर बरकरार है रहस्य

तलाक के एक साल बाद ही डायना के हार्ट सर्जन हसनत खान और फिल्म प्रोड्यूसर और प्लेबॉय डोडी अल फायद के बीच अफेयर की खबरें आने लगीं थीं। 36 साल की उम्र में प्रिंसेस डायना कार दुर्घटना में मारी गई थीं। 31 अगस्त 1997 को पेरिस में हुए इस हादसे में उनके दोस्त और मिस्र के फिल्म प्रोड्यूसर और प्लेब्वॉय डोडी अल फायद भी मारे गए थे। बताया जाता है कि इन दोनों को देखकर कुछ पत्रकार इनकी फोटोज लेना चाहते थे, जिनसे बचने के लिए ड्राइवर ने कार की स्पीड बढ़ा दी थी और कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। करीब 2.05 बिलियन लोग उनकी मौत के गवाह बने थे। हालांकि, उनकी मौत के पीछे अलग-अलग थ्योरी दी जाती हैं, लेकिन सच्चाई आज तक कोई नहीं जानता।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts