राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, मंदिर में लगाई झाड़ू; बोलीं- स्वच्छता से ही भारत स्वस्थ और विकसित बनेगा

इंदौर/उज्जैन। राष्ट्रपति मुर्मू मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने इंदौर में पारंपरिक बुनकरों और लोक कलाकारों से मुलाकात की थी। गुरुवार सुबह पौधरोपण के बाद राष्ट्रपति इंदौर से उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने सफाई मित्र सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम में उज्जैन के 5 सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन हाईवे का वर्चुअल भूमि पूजन भी किया।
कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति ने महाकाल मंदिर में पंचामृत अभिषेक पूजन किया। महाकाल लोक भी देखा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि महाकाल की नगरी उज्जैन में सदियों से संस्कृति और सभ्यता की परंपरा निरंतर अस्तित्व में बनी हुई है।
राष्ट्रपति ने किया बाबा महाकाल का पूजन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मेलन के बाद महाकाल मंदिर में बाबा के दर्शन कर पूजन किया। साथ ही नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। जहां पर राम गुरु, आकाश पुजारी और बाला गुरु ने पूजन के बाद केसरिया दुप्पटा ओढ़ाकर राष्ट्रपति को प्रसाद दिया। देखें वीडियो...
राष्ट्रपति ने किया स्वच्छता के लिए श्रमदान और शिल्पकारों से संवाद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाकालेश्वर मन्दिर में भगवान महाकाल के दर्शन, पूजन अर्चन और अभिषेक किया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगु भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। राष्ट्रपति ने महाकालेश्वर भगवान का पूरे विधिविधान से पूजन अर्चन किया। इसके बाद राष्ट्रपति ने मन्दिर परिसर में कोटि तीर्थ के समीप ‘स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़े के अन्तर्गत स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। महाकाल मंदिर के कोटि तीर्थ कुंड से राष्ट्रपति ने महाकाल मंदिर के शिखर के दर्शन किए। मुर्मू ने श्री महाकाल लोक का भ्रमण कर अवलोकन किया तथा मूर्ति बना रहे शिल्पकारों से त्रिवेणी सभा मण्डपम में संवाद भी किया।
स्वच्छता से ही भारत स्वस्थ और विकसित बनेगा: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को लोगों को स्वच्छता की दिशा में आगे आने और कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता से ही भारत स्वस्थ और विकसित बनेगा। उज्जैन में सफाई मित्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुर्मू ने स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार 7वीं बार शीर्ष पर रहने के लिए मध्यप्रदेश के इंदौर शहर और देश में सबसे स्वच्छ राज्य की राजधानी होने के लिए भोपाल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। स्वच्छता से ही देश स्वस्थ और विकसित बनेगा। सफाई मित्रों को सम्मानित करके हम खुद को सम्मानित कर रहे हैं।''
देश को ‘स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित' बनाने की अपील की
मुर्मू ने लोगों से देश को ‘स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित' बनाने के लिए एक कदम आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) पिछले 10 वर्षों में एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन गया है और इसके परिणामस्वरूप देश में व्यापक बदलाव हुए हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि इस अभियान से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरुकता बढ़ी है और स्वच्छता के प्रति उनके व्यवहार में काफी बदलाव आया है। उन्होंने स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय की व्यवस्था करने के लिए सरकार को बधाई दी और कहा कि इसके परिणामस्वरूप बालिकाओं की साक्षरता का स्तर बढ़ा है। इस अवसर पर मुर्मू ने चार महिलाओं सहित पांच सफाई मित्रों को सम्मानित किया और 1,692 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन सड़क की आधारशिला भी रखी। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए।












