ग्वालियरताजा खबरमध्य प्रदेश

ग्वालियर में “महामहिम” मुर्मू : IIITM के दीक्षांत समारोह में हुईं शामिल, बोलीं- भारत की डिजिटल इकोनॉमी विश्व में अग्रणी

ग्वालियर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार 13 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर पहुंची। यहां सबसे पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी सिंधिया ने उन्हें जयविलास पैलेस और जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम दिखाया। राष्ट्रपति ने यहीं लंच किया। वे यहां स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (IIITM) के चौथे दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं।

भारत के इतिहास में ग्वालियर का महत्वपूर्ण स्थान : मुर्मू

IIITM में दीक्षांत समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि, ग्वालियर मध्य प्रदेश के सबसे खूबसूरत शहरों में से एक है। यह शहर अपने महलों, मंदिरों और किलों के लिए प्रसिद्ध है। भारत के इतिहास में ग्वालियर शहर और क्षेत्र का महत्वपूर्ण स्थान है। भारतीय संस्कृति की अनेक बहुमूल्य धरोहरों को ग्वालियर में संरक्षित किया गया है।

ग्वालियर आकर मैं देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का सादर स्मरण करती हूं और उन्हें नमन करती हूं। ग्वालियर उनका प्रमुख कर्मस्थल रहा है। भारत रत्न वाजपेयी जी समकालीन भारत के सबसे बड़े नेताओं में से एक थे, जिन्होंने एक प्रभावशाली विरासत छोड़ी है।

भारत की डिजिटल इकोनॉमी विश्व में अग्रणी : मुर्मू

मैं उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले आप सभी युवा विद्यार्थियों से यह अपेक्षा करती हूं कि आप समाज के उन लोगों के बारे में भी सोचें जो विकास की यात्रा में थोड़ा पीछे रह गए हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति विशेषकर आप सभी युवाओं का यह दायित्व है कि समाज के पिछड़े लोगों के विकास में अपनी भागीदारी समझें। भारत की डिजिटल इकोनॉमी विश्व में अग्रणी है। टेक्नॉलोजी का सबसे महत्वपूर्ण लाभ यही है कि इससे कनेक्टिविटी बढ़ गई है।

मुझे यह जानकर ख़ुशी हुई है कि ABV-IIITM के अधिकांश विद्यार्थियों का placement अच्छी कंपनियों में हो गया है। जिन विद्यार्थियों का placement नहीं हुआ है उनकी क्षमता किसी भी मायने में कम नहीं है और उन्हें भी आगे बढ़ने के लिए अनगिनत अवसर मिलेंगे।

जीवन में आगे बढ़ते रहने के लिए यह ज़रूरी है कि हम जिस रास्ते पर चल रहे हैं उसको समय-समय पर परखते रहें। दृढ़ संकल्प के साथ सही रास्ता चुन कर आगे बढ़ जायेंगे तो लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा और जीवन में संतुष्टि भी मिलेगी।

राष्ट्रपति ने विजिटर्स बुक में क्या लिखा

जिवाजीराव सिंधिया संग्रहालय देखने के बाद राष्ट्रपति ने विजिटर्स बुक में लिखा, रोचक और महत्वृपूर्ण जानकारी मिली, परंपराओं और धरोहरों का सुंदर परिचय मिला, संग्रहालय के प्रबंधन से जुड़े लोगों की सराहना भी की, देखें विजिटर बुक पर राष्ट्रपति द्वारा लिखे संदेश का photo

सीएम ने अपने संबोधन में कही ये बात

सीएम शिवराज ने अपने संबोधन में कहा कि, हम सबके सौभाग्‍य से आज हमारे बीच पधारीं हमारी प्रेरणा, भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी का मैं मध्‍य प्रदेश के समस्‍त नागरिकों की ओर से हार्दिक स्‍वागत करता हूं। मेरा आप सबसे आग्रह है कि, अपनी प्रतिभा और दक्षता का उपयोग आजादी के अमृतकाल में देश को विकसित बनाने और आगे बढ़ाने में कीजिए।

उन्होंने आगे कहा कि- हार नहीं मानूंगा, रार नई ठानूंगा। काल के कपाल पर लिखता, मिटाता हूं। गीत नया गाता हूं। श्रद्धेय अटल जी अद्भुत कवि थे, सरस्वती उनकी जिह्वा में विराजती थीं। ग्वालियर से उनका नाता कोई भुला नहीं सकता।

सिंधिया महल में किया लंच

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्व. जिवाजी सिंधिया महाराज की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद पैलेस में बनी मराठा गैलरी व अन्य गैलरियों के चित्रों व प्रतीकों का अवलोकन किया। इसके साथ ही म्यूजियम और छोटे-छोटे बच्चों से मुलाकात की। इसके साथ ही राष्ट्रपति महल में 100 मेहमानों के साथ दोपहर 1 बजे भोजन (लंच) में शामिल हुईं।

महल में राष्ट्रपति के भोजन के लिए कुल 19 सात्विक व्यंजन तैयार किए गए थे। लंच के मेन्यू में नेपाली साग से लेकर दालमा, संतुला, पनीर मखाना, जीरा मूंग दाल छिलका, भुट्टे का किस सहित अन्य व्यंजन थे। राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद विवेक शेजवलकर, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह भी लंच में शामिल हुए।

सिंधिया महल की सुरक्षा बढ़ाई गई

राष्ट्रपति के दौरे के चलते सिंधिया महल की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। पॉइंट ड्यूटी अधिकारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए ट्रिपल लेयर सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी।

ये भी पढ़ें: MP में 2 करोड़ से कम आय वाले टोल टैक्स संभालेंगी महिलाएं, पंचायत प्रतिधिनियों के मानदेय बढ़ाने समेत कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी

संबंधित खबरें...

Back to top button