Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘मैं जा रही हूं...’, मां को आखिरी कॉल :भोपाल में गर्भवती युवती ने की आत्महत्या, ससुराल पर दहेज प्रताड़ना आरोप

भोपाल के न्यू कबाड़खाना इलाके में दो महीने की गर्भवती युवती पूजा कैथरिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने मां को फोन कर सास और पति द्वारा प्रताड़ना की बात बताई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसीपी करेंगे।
भोपाल में गर्भवती युवती ने की आत्महत्या, ससुराल पर दहेज प्रताड़ना आरोप
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल के न्यू कबाड़खाना इलाके में रहने वाली एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका दो महीने की गर्भवती थी। आत्महत्या से पहले उसने अपनी मां को फोन कर पति से चल रहे विवाद और ससुराल में प्रताड़ना की बात बताई थी।

    मां को कॉल कर बोली- मैं जा रही हूं

    आत्महत्या से पहले युवती ने अपनी मां को फोन किया था। उसने बताया कि वह दो दिनों से खाना नहीं खा रही है, सास उसे ताने मारती हैं और दहेज नहीं लाने पर प्रताड़ित करती हैं। उसने यह भी कहा कि कोई उसका साथ नहीं दे रहा है और फिर बोली- मैं जा रही हूं। इसके बाद फोन कट गया।

    ससुराल में रहती थी पूजा कैथरिया

    मृतका की पहचान पूजा कैथरिया (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने पति सौरभ कैथरिया और सास-ससुर के साथ न्यू कबाड़खाना इलाके में रहती थी। पूजा मूल रूप से ग्वालियर की रहने वाली थी। गुरुवार शाम को देवर ने उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा।

    मां का आरोप- बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर किया

    पूजा की मां ने बताया कि बेटी की ढाई साल पहले अरेंज मैरिज हुई थी। दामाद भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में एक वाइन शॉप पर काम करता है। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी सास लगातार और दहेज की मांग को लेकर ताने मारती थीं।

    पति पर भी प्रताड़ना का आरोप

    मां का आरोप है कि दामाद अपनी मां की बातों में आकर पूजा को परेशान करता था। पूजा का 14 महीने का एक बेटा भी है और वह दो महीने की गर्भवती थी। लगातार मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

    दिनभर कमरे में रही, किसी ने ध्यान नहीं दिया

    पति और सास से विवाद के बाद पूजा दो दिनों से खाना नहीं खा रही थी। मायके पक्ष उसे फोन पर समझाने की कोशिश कर रहा था और शुक्रवार को भोपाल आने की बात भी कही थी।

    गुरुवार को पूजा दिनभर कमरे से बाहर नहीं निकली, लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली। शाम को देवर ने कमरे में जाकर शव देखा और परिवार को सूचना दी।

    एसीपी करेंगे मामले की जांच

    हनुमानगंज पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मायके पक्ष की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, मृतका के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की आगे की जांच एसीपी स्तर पर की जाएगी।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

    Latest Posts