अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

PM मोदी को नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला, राष्ट्रपति ने ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ से किया सम्मानित

विंडहोक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नामीबिया की राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवाह ने उन्हें देश की राजधानी विंडहोक स्थित स्टेट हाउस में प्रदान किया। यह सम्मान नामीबिया की ओर से विदेशी नेतृत्व को विशिष्ट सेवा और स्थाई सहयोग के लिए दिया जाता है। मोदी यह पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय नेता बन गए हैं।

दुर्लभ पौधे पर आधारित है सम्मान, संघर्ष और दीर्घायु का प्रतीक

इस पुरस्कार का नाम ‘वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ नामक एक विशेष रेगिस्तानी पौधे पर आधारित है, जो केवल नामीबिया में पाया जाता है। यह पौधा दीर्घायु, संघर्ष और स्थायित्व का प्रतीक माना जाता है। इसी विचार को ध्यान में रखते हुए यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने नामीबिया के साथ मजबूत और टिकाऊ रिश्ते बनाए हैं।

विंडहोक में 21 तोपों की सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर

प्रधानमंत्री मोदी एक दिन के दौरे पर बुधवार सुबह विंडहोक पहुंचे। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति डॉ. नंदी-नदैतवाह ने उनका भव्य स्वागत किया। पारंपरिक कलाकारों ने स्वागत में लोकनृत्य प्रस्तुत किया और PM मोदी ने ढोल बजाकर उत्सव में हिस्सा भी लिया। इसके बाद स्टेट हाउस में प्रधानमंत्री को 21 तोपों की सलामी दी गई और सैन्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी नई ऊंचाई, हुए कई समझौते

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति नंदी-नदैतवाह के बीच डेलिगेशन स्तर की बैठक हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच ऊर्जा, जैव-विविधता, डिजिटल टेक्नोलॉजी, हेल्थ और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग को लेकर कई समझौता ज्ञापन (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए। यह बैठक भारत और नामीबिया के बीच बढ़ते द्विपक्षीय रिश्तों का प्रमाण मानी जा रही है।

पीएम मोदी को मिले अब तक 27 वां इंटरनेशनल सम्मान

प्रधानमंत्री मोदी को बतौर प्रधानमंत्री अब तक 27 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। हालिया विदेश दौरे के दौरान घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, ब्राजील और अब नामीबिया ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया। इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात, रूस, फ्रांस, सऊदी अरब, मिस्र, अफगानिस्तान सहित कई देशों ने भी उन्हें यह सम्मान प्रदान किया है।

27 साल बाद पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री

यह नामीबिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की तीसरी यात्रा है। इससे पहले 1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और 1990 में स्वतंत्रता समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह वहां गए थे। पीएम मोदी की यह यात्रा भारत-नामीबिया संबंधों के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है।

संबंधित खबरें...

Back to top button