‘हर आवाज को मिले सम्मान, हंगामे से नहीं चलेगी संसद...’संसद के मानसून सत्र से पहले बोले PM मोदी

संसद के मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष से सकारात्मक सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि संसद में शोर-शराबे नहीं, बल्कि तर्क और तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए। पीएम ने देश की हालिया उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कई अहम विधेयक पेश होने के संकेत भी दिए।
संसद के मानसून सत्र से पहले बोले PM मोदी
मानसून सत्र से पहले पीएम मोदी का संबोधन

नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र सोमवार (20 जुलाई) से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों से सकारात्मक भूमिका निभाने और संसद की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मानसून सत्र ऐतिहासिक साबित होगा और देशहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले इसी सत्र में लिए जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह अच्छा मानसून देश के लिए लाभदायक होता है, उसी तरह अगर संसद का मानसून सत्र भी सकारात्मक और सक्रिय रहेगा तो इसका सीधा लाभ देश को मिलेगा।

'मानसून भी प्रोएक्टिव रहे, संसद भी प्रोडक्टिव बने'

अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, मानसून हो या संसद का मानसून सत्र, अगर दोनों प्रोएक्टिव हों तो दोनों प्रोडक्टिव होते हैं। दोनों प्रोडक्टिव होंगे तो देश और समाज का कल्याण होगा। उन्होंने सभी सांसदों से आग्रह किया कि, वे सदन की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी निभाएं और संसद को सार्थक चर्चा का मंच बनाएं।

Twitter Post

'जहां तर्क और तथ्य हों, वहां शोर की जरूरत नहीं'

प्रधानमंत्री ने विपक्ष को संदेश देते हुए कहा कि लोकतंत्र में बहस जरूरी है, लेकिन वह तथ्यों और तर्कों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, मजबूत तर्क के लिए ऊंची आवाज की जरूरत नहीं होती। संसद में हर आवाज को सुना जाना चाहिए। हर विचार का सम्मान होना लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। सभी दलों के अनुभवी सांसदों का अनुभव देश के विकास में उपयोगी होना चाहिए। पीएम ने कहा कि, संसद की गरिमा बनाए रखना सभी सांसदों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

देश की उपलब्धियों का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक महीने में भारत ने कई ऐसे काम किए हैं, जिन पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अंतरिक्ष क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल की हैं।

Parliament Monsoon Session

पीएम ने गिनाईं प्रमुख उपलब्धियां

  • भारतीय स्टार्टअप ने अंतरिक्ष क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की।
  • राजस्थान में बड़ी ऑयल रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित की गई।
  • देश का तीसरा सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू हुआ।
  • भारत की सबसे शक्तिशाली और सबसे लंबी ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन शुरू की गई।
  • सुधारों (Reforms) की वजह से युवाओं में नए प्रयोग करने का आत्मविश्वास बढ़ा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि, यह भारत के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, स्टार्टअप और युवाओं की मेहनत का परिणाम है।

युवाओं की क्षमता अंतरिक्ष जितनी असीम

पीएम मोदी ने भारतीय युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि हाल ही में एक युवा भारतीय स्टार्टअप ने अंतरिक्ष क्षेत्र में ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसे दुनिया के बहुत कम देश हासिल कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि, यह सिर्फ तकनीकी सफलता नहीं बल्कि देश के युवाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और उनकी असीम क्षमताओं का प्रमाण है।

वैश्विक संकट के बीच भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था का जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और तनाव की स्थिति बनी हुई है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक व्यापार पर पड़ा है। इसके बावजूद भारत ने आर्थिक मोर्चे पर मजबूती दिखाई है और लगभग 7.7 प्रतिशत विकास दर के साथ दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बनाए रखी है।

PM Modi

मानसून सत्र में पेश हो सकते हैं कई अहम विधेयक

सरकार इस सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक संसद में पेश कर सकती है।

विधेयक

मुख्य उद्देश्य

आयकर संशोधन विधेयक, 2026

अध्यादेश का स्थान लेना

सर्वोच्च न्यायालय संशोधन विधेयक

सुप्रीम कोर्ट के जजों की संख्या 33 से बढ़ाकर 37 करना

राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण संशोधन विधेयक

'वंदे मातरम्' को कानूनी संरक्षण देना

जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण संशोधन विधेयक

देरी पर जुर्माना और नियम सख्त करना

MSME संशोधन विधेयक

छोटे उद्योगों को राहत और कारोबार आसान बनाना

विदेशी अंशदान संशोधन विधेयक

विदेशी फंडिंग पर निगरानी मजबूत करना

विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक

UGC, AICTE और NCTE के स्थान पर एकीकृत नियामक संस्था का गठन

25 दिन चलेगा संसद का मानसून सत्र

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार-

सत्र की शुरुआत: 20 जुलाई 2026

समापन: 13 अगस्त 2026

कुल अवधि: 25 दिन

कुल बैठकें: 19

इन बैठकों में सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी, जबकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

मानसून सत्र से पहले पीएम मोदी के बड़े संदेश

मुद्दा

पीएम मोदी का संदेश

संसद की कार्यवाही

सकारात्मक और उत्पादक बने

विपक्ष से अपील

तर्क और तथ्यों पर आधारित चर्चा करें

युवाओं पर भरोसा

भारत के युवा अंतरिक्ष तक नई उड़ान भर रहे हैं

विकास

रिफाइनरी, सेमीकंडक्टर और ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन जैसी उपलब्धियां

अर्थव्यवस्था

वैश्विक संकट के बावजूद भारत मजबूत स्थिति में

मानसून सत्र

कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश होंगे, ऐतिहासिक सत्र बनने की उम्मीद

 

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts