T20 World Cup 2024 : पीएम मोदी ने भारतीय टीम से फोन पर की बात, रोहित की कप्तानी को सराहा, विराट की फाइनल पारी और हार्दिक-सूर्या को लेकर कही ये बात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम से रविवार को फोन पर बात की और पूरी टीम को टी 20 विश्व कप जीतने पर बधाई दी है। रोहित शर्मा को उनकी शानदार कप्तानी के लिए बधाई दी और उनके टी20 करियर की सराहना की। पीएम मोदी ने फाइनल में विराट कोहली की पारी और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की भी सराहना की।
दरअसल, शर्मा और कोहली, दोनों ने टी20 विश्वकप जीतने के बाद क्रिकेट के इस प्रारूप के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से संन्यास लेने की घोषणा की है।
सूर्यकुमार की तारीफ तो राहुल द्रविड़ को दिया धन्यवाद
पीएम मोदी ने हार्दिक पांड्या को उनके अंतिम ओवर और सूर्यकुमार यादव को उनके कैच के लिए सराहा। उन्होंने जसप्रीत बुमराह के योगदान की भी तारीफ की। पीएम ने भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए राहुल द्रविड़ को भी धन्यवाद दिया। हार्दिक पांड्या ने आखिरी ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। सूर्यकुमार ने खतरनाक दिख रहे डेविड मिलर का कैच पकड़ा था, जिसने पूरा मैच ही पलट दिया। इसी तरह से बुमराह ने अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर भारतीय टीम की मैच में वापसी करवाई थी।












