रौशन आनंद की बेल पर कल फैसला :समर्थन में छात्रों का मार्च; खान सर पर भी बढ़ा दबाव

पटना में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर सोमवार को छात्रों ने कैंडल मार्च निकालने की कोशिश की। बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग संस्थान से कारगिल चौक तक मार्च निकालने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। प्रशासन ने छात्रों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद मौके पर नारेबाजी शुरू हो गई।
रौशन आनंद के समर्थन में उतरे छात्र
कैंडल मार्च में शामिल छात्र रौशन आनंद के समर्थन में नारे लगा रहे थे। कई छात्रों के हाथों में पोस्टर भी दिखाई दिए, जिन पर झूठे केस में हमारा जीवन मत बर्बाद करो और मैं निर्दोष हूं जैसे संदेश लिखे थे। छात्रों का आरोप है कि रौशन आनंद को गलत तरीके से मामले में फंसाया गया है। वहीं कुछ छात्रों ने खान सर की गिरफ्तारी की भी मांग की और मामले में निष्पक्ष जांच की बात कही।
यह भी पढ़ें: Visakhapatnam Steel Plant: खौलता लिक्विड स्टील गिरने से 8 मजदूरों की मौत, कई झुलसे
मंगलवार को आएगा जमानत पर फैसला
रौशन आनंद की जमानत याचिका पर सोमवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान खान सर की ओर से पेश वकील ने जमानत का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि रौशन आनंद का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है, इसलिए उन्हें जमानत नहीं दी जानी चाहिए। अब कोर्ट इस मामले में मंगलवार को अपना फैसला सुनाएगा। छात्रों और समर्थकों की नजरें इस फैसले पर टिकी हुई हैं।
खान सर ने भी दायर की अग्रिम जमानत याचिका
फायरिंग मामले में खान सर ने भी पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। इस याचिका पर भी मंगलवार को सुनवाई होनी है। वहीं घटना में गिरफ्तार दोनों बॉडीगार्ड्स की जमानत के लिए भी आवेदन किया गया है। हालांकि ज्ञान बिंदु की ओर से पेश वकीलों ने बॉडीगार्ड्स की जमानत का विरोध किया है। उनका कहना है कि गोली भीड़ को हटाने के लिए नहीं, बल्कि जानबूझकर चलाई गई थी।
क्या है पूरा मामला?
2 जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग के बाहर हमला और हंगामे की घटना सामने आई थी। इसी दौरान उनके बॉडीगार्ड्स द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस ने बॉडीगार्ड्स के बयान के आधार पर खान सर के खिलाफ भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। FIR में दावा किया गया है कि खान सर ने कथित तौर पर गार्ड्स से कहा था कि वे गोली चलाएं और बाकी स्थिति वह संभाल लेंगे।
परिवार से भी उठे सवाल, पुलिस ने की अपील
इस विवाद के बीच खान सर के चाचा इमरान ने भी उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उधर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने छात्रों से किसी भी तरह के बहकावे में नहीं आने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी कानूनी प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार पूरी की जा रही हैं।











