Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Parliament : प्रियंका गांधी की संसदीय पारी का आगाज, हाथ में संविधान की कॉपी लेकर ली शपथ, अब सदन में एक साथ दिखेंगे तीन फैमिली मेंबर

Parliament : प्रियंका गांधी की संसदीय पारी का आगाज, हाथ में संविधान की कॉपी लेकर ली शपथ, अब सदन में एक साथ दिखेंगे तीन फैमिली मेंबर
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने गुरुवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली। वह केरल की वायनाड लोकसभा सीट के लिए हाल में संपन्न उपचुनाव में सदन की सदस्य निर्वाचित हुई हैं। प्रियंका ने हिंदी भाषा में शपथ ली और इस दौरान उन्होंने अपने भाई राहुल गांधी की तरह हाथ में संविधान की कॉपी पकड़ी हुई थी। वह जब शपथ लेने के लिए खड़ी हुईं तो कांग्रेस सांसदों ने ‘जोड़ो-जोड़ो, भारत जोड़ो' के नारे लगाए। [caption id="attachment_142017" align="aligncenter" width="600"] संसद में एंट्री से पहले भाई राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी की फोटो खींची।[/caption]

रवींद्र बसंतराव चव्हाण ने भी ली सदस्यता

महाराष्ट्र के नांदेड़ से लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए कांग्रेस नेता रवींद्र बसंतराव चव्हाण ने भी सदन की सदस्यता की शपथ ली। उन्होंने मराठी भाषा में शपथ ली। चव्हाण के पिता बसंतराव चव्हाण के निधन के कारण नांदेड़ में उपचुनाव हुआ था। शपथ ग्रहण करने के बाद प्रियंका गांधी वाद्रा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। उन्होंने विपक्ष में अग्रिम पंक्ति में बैठे नेताओं की ओर हाथ जोड़कर अभिवादन किया और सदन में नेता प्रतिपक्ष तथा उनके भाई राहुल गांधी ने भी हाथ जोड़कर प्रियंका का अभिवादन स्वीकार किया।

संसद में पहली बार गांधी परिवार के 3 सदस्य

यह पहली बार है कि संसद में गांधी-नेहरू परिवार के 3 सदस्य मौजूद हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल यूपी के रायबरेली से और प्रियंका केरल के वायनाड से सांसद हैं। जबकि, सोनिया राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने लगाया गले

शपथ के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका को बधाई देते हुए गले लगाया। कांग्रेस महासचिव के शपथ ग्रहण के अवसर पर उनकी मां और पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाद्रा, पुत्र रेहान राजीव वाद्रा, पुत्री मिराया वाद्रा, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला और पार्टी के कुछ अन्य नेता सदन की दर्शक दीर्घा में मौजूद थे।

पहली बार सदन की सदस्य बनी प्रियंका

राहुल गांधी इस साल हुए लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के रायबरेली और केरल के वायनाड से विजयी हुए थे। उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी, जिसके बाद यहां उपचुनाव हुआ। प्रियंका वायनाड लोकसभा उपचुनाव में चार लाख से अधिक मतों के अंतर से जीती हैं। वह पहली बार किसी सदन की सदस्य बनी हैं। वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं और उसके बाद से पार्टी महासचिव के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts