ताजा खबरराष्ट्रीय

Parliament Budget Session : लंदन में राहुल की टिप्पणी को लेकर राज्यसभा में हंगामा, खड़गे बोले- भाजपा लोकतंत्र को कुचल रही है

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो गया है, जो 6 अप्रैल तक चलेगा। सत्र के पहले दिन लंदन में राहुल गांधी के लोकतंत्र संबंधी बयान को लेकर राज्यसभा में हंगामा हो गया। यहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। हंगामे की वजह से राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के करीब 25 मिनट बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। जिसके बाद भी हंगामा खत्म नहीं होने पर दोनों सदनों को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। पहले दिन जहां भाजपा ने राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयानों को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस को घेरा, वहीं विपक्ष ने अदाणी पर हिंडनबर्ग रिपोर्ट का मामला उठाया।

राहुल गांधी के खिलाफ बीजेपी का हल्ला बोल

बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर दिवंगत पूर्व सदस्य नरेंद्र प्रधान को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सभापति जगदीप धनखड़ ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके तुरंत बाद पीयूष गोयल ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा- विपक्ष के एक नेता ने विदेशी धरती से ‘शर्मनाक तरीके’ से भारत के लोकतंत्र के बारे में ‘अनाप-शनाप’ बातें की हैं। उन्होंने कहा- ‘विपक्ष के नेता ने भारत, भारत की सेना, भारत के लोकतंत्र, मीडिया, सुप्रीम कोर्ट, निर्वाचन आयोग का अपमान किया है। गाेयल ने इसके लिए माफी मांगने की बात की, जिस पर हंगामा हो गया।

भाजपा लोकतंत्र को कुचल रही है: खड़गे

राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सदन के बाहर भाजपा के राहुल गांधी पर किए गए हमलों का जवाब दिया। उन्होंने राहुल गांधी के बयान पर हंगामे को अडाणी मुद्दे पर जेपीसी की मांग से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग खुद यहां लोकतंत्र को कुचल रहे हैं और हर एजेंसी का गलत उपयोग कर रहे हैं। वे देश को एक तानाशाही की तरह चला रहे हैं और फिर ये लोग लोकतंत्र और देशभक्ति की बात करते हैं।

उन्होंने आगे कहा, “हम अडाणी के शेयरों के मुद्दे पर JPC के गठन की मांग कर रहे हैं। जब हम इस मुद्दे को उठाते हैं तो माइक बंद कर दिया जाता है और सदन में हंगामा शुरू हो जाता है। इसके लिए आज भी हम JPC की मांग कर रहे हैं।”

संसद में माफी मांगे राहुल : राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि, राहुल गांधी सदन के एक वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने विदेश की धरती से भारत का अपमान किया है। उन्हें संसद में आकर माफी मांगनी चाहिए। रक्षा मंत्री के इस बयान के बाद विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया। वहीं मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर देशद्रोह का केस चलाने तक की मांग कर दी।

कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल ने क्या कहा था

कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने अपने संबोधन में चीन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि चीन शांति का पक्षकार है। आप चीन में जो इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, एयरपोर्ट और वहां का विकास देखते हैं, यह सब प्रकृति से जुड़ा हुआ है। चीन प्रकृति के साथ काफी मजबूती से जुड़ा है। राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर को तथाकथित हिंसक जगह बताया, पुलवामा में मारे गए शहीदों पर सवाल उठाए, पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि वे भारत के विचार को मार रहे हैं, भारत में लोकतंत्र खतरे में हैं।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button