पन्ना में रिटायर्ड DSP से बदसलूकी पर बवाल :सीट बेल्ट चेकिंग से शुरू हुआ विवाद, पुलिस पर उठे सवाल

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में 7 अप्रैल को रिटायर्ड डीएसपी भारत सिंह चौहान और उनके परिवार के साथ कथित पुलिस अभद्रता का मामला अब बढ़ता जा रहा है। इस घटना के बाद से रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है।
रिटायर्ड अधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन
सोमवार को बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने भोपाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के नाम ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला वाहन चेकिंग के दौरान सीट बेल्ट को लेकर शुरू हुआ। धीरे-धीरे विवाद बढ़ा और कथित रूप से पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्र व्यवहार तक पहुंच गया।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने करीब 78 से 80 साल के बुजुर्ग दंपत्ति के साथ अनुचित व्यवहार किया। इस घटना से पीड़ित परिवार के साथ-साथ रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों में भी आक्रोश है।
चार मुख्य मांगें रखीं
ज्ञापन में रिटायर्ड अधिकारियों ने ये प्रमुख मांगें रखीं-
- मामले की निष्पक्ष जांच के लिए केस को पन्ना से हटाकर भोपाल सीआईडी को सौंपा जाए
- दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई हो
- वाहन और लाइसेंसी हथियार जब्ती की प्रक्रिया की जांच हो
- वरिष्ठ नागरिकों से व्यवहार के लिए स्पष्ट गाइडलाइन और प्रशिक्षण लागू किया जाए
आंदोलन की चेतावनी
रिटायर्ड अधिकारियों ने कहा कि अगर पुलिस अपने ही विभाग के पूर्व अधिकारी के साथ ऐसा व्यवहार कर सकती है, तो आम जनता के साथ क्या होता होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारी भी चिंतित
रिटायर्ड डीजी लोकायुक्त अनिल कुमार ने भी इस घटना को गंभीर बताया है। वहीं पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।











