नहीं रहे पहलाज निहलानी :दिग्गज फिल्म निर्माता और पूर्व CBFC चेयरमैन का निधन, 76 की उम्र में ली अंतिम सांस

मुंबई। भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का गुरुवार, 4 जून को निधन हो गया। 76 वर्षीय निहलानी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से लिवर संबंधी बीमारी से परेशान थे और मुंबई के नानावती अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कुछ रिपोर्ट्स में उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक भी बताई गई है। उनके निधन की पुष्टि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों और संगठनों ने की है।
फिल्म इंडस्ट्री ने खोया एक बड़ा नाम
पहलाज निहलानी हिंदी सिनेमा के उन निर्माताओं में शामिल थे जिन्होंने 1980 और 1990 के दशक में लगातार कई सफल फिल्में दीं। वह सिर्फ एक निर्माता नहीं, बल्कि फिल्म उद्योग में प्रभावशाली नेतृत्व करने वाले व्यक्तित्व के रूप में भी पहचाने जाते थे। उनके निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर कलाकारों, निर्माताओं, निर्देशकों और प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कई फिल्म हस्तियों ने उनके योगदान को याद करते हुए इसे फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी क्षति बताया।
जानकारी के अनुसार, पहलाज निहलानी का अंतिम संस्कार मुंबई के सांताक्रूज श्मशान घाट में किया जाएगा। परिवार, करीबी मित्रों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंच रहे हैं।
15 दिन पहले तक नई फिल्मों पर कर रहे थे काम
फिल्म ट्रेड एक्सपर्ट अतुल मोहन के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही उनकी पहलाज निहलानी से बातचीत हुई थी। उस दौरान उन्होंने बताया था कि वह कई नई स्क्रिप्ट्स पर काम कर रहे हैं और अपने प्रोडक्शन हाउस को फिर से सक्रिय करने की योजना बना रहे थे। अतुल मोहन ने उन्हें बेहद ऊर्जावान और काम के प्रति समर्पित व्यक्ति बताते हुए कहा कि, वे हमेशा फिल्म उद्योग और निर्माताओं के हितों के लिए सक्रिय रहते थे।
1982 में शुरू हुआ फिल्मी सफर
पहलाज निहलानी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 1982 में फिल्म ‘हथकड़ी’ से बतौर निर्माता की थी। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई सफल फिल्मों का निर्माण किया और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी फिल्मों में मनोरंजन, मसाला और व्यावसायिक सफलता का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता था।
पहलाज निहलानी की चर्चित फिल्में
पहलाज निहलानी ने अपने लंबे करियर में कई सुपरहिट और चर्चित फिल्मों का निर्माण किया। इनमें शामिल हैं-
- आंखें
- शोला और शबनम
- अंदाज
- पाप की दुनिया
- इल्जाम
- तलाश
- मिट्टी और सोना
- आग ही आग
- गुनाहों का फैसला
- आग का गोला
- घायल
- दिल तेरा दीवाना
- जूली 2
- रंगीला राजा
बतौर निर्माता उनकी अंतिम प्रमुख फिल्म ‘रंगीला राजा’ थी, जिसमें अभिनेता गोविंदा मुख्य भूमिका में नजर आए थे।
गोविंदा और चंकी पांडे को दिया बड़ा ब्रेक
पहलाज निहलानी को बॉलीवुड में कई कलाकारों के करियर को दिशा देने का श्रेय भी दिया जाता है। कहा जाता है कि उन्होंने गोविंदा और चंकी पांडे जैसे सितारों को बड़ा मंच दिया। फिल्म इंडस्ट्री में उनकी पहचान ऐसे निर्माता की थी, जिनकी फिल्मों ने कई कलाकारों की किस्मत बदल दी। गोविंदा के साथ उनकी जोड़ी खास तौर पर बेहद सफल रही।
CBFC अध्यक्ष रहते हुए चर्चा में भी रहे
पहलाज निहलानी वर्ष 2015 से 2017 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के अध्यक्ष रहे। उनके कार्यकाल को सेंसरशिप और फिल्म प्रमाणन से जुड़े फैसलों के कारण सबसे चर्चित अवधियों में गिना जाता है। उनके कई निर्णयों ने फिल्म इंडस्ट्री में व्यापक बहस छेड़ी। विशेष रूप से फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ की सेंसरशिप को लेकर उनका नाम राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रहा।
फिल्म निर्माताओं और सेंसर बोर्ड के बीच उस समय हुए विवाद ने काफी चर्चा बटोरी थी। बाद में वर्ष 2017 में उन्हें CBFC अध्यक्ष पद से हटाकर प्रसिद्ध गीतकार और विज्ञापन विशेषज्ञ प्रसून जोशी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
निर्माताओं के अधिकारों की लड़ाई में भी रहे आगे
पहलाज निहलानी केवल फिल्म निर्माता ही नहीं थे, बल्कि फिल्म उद्योग के संगठनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे। वह वर्ष 1980 से 2009 तक मोशन पिक्चर्स एंड टीवी प्रोग्राम प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (AMPTPP) के अध्यक्ष रहे। उनके करीबियों का कहना है कि, उन्होंने हमेशा निर्माताओं के हितों और अधिकारों के लिए आवाज उठाई। इंडस्ट्री में उन्हें एक मजबूत नेतृत्वकर्ता के रूप में देखा जाता था।











