
मध्यप्रदेश के दतिया जिले में मंगलवार सुबह सड़क हादसा हो गया। दुरसड़ा थाना क्षेत्र में ईमलिया और बीकर गांव के पास एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसमें से 4 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कैसे हुआ हादसा ?
जानकारी के मुताबिक, यात्रियों को लेकर बस भाण्डेर से दतिया जा रही थी। तभी अचानक बीकर गांव के पास तेज रफ्तार होने की वजह से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बता दें कि बस में करीब 35 से ज्यादा लोग सवार थे।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसमें से दो लोगों को ग्वालियर रेफर किया है। जबकि, दो को ट्रामा सेंटर के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। बाकी सभी घायलों को उपचार के लिए दतिया जिला भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।