नेपाल में मौसम का कहर : लैंडस्लाइड से त्रिशुली नदी में बहीं 2 बसें, 60 से ज्यादा लोग लापता; काठमांडू से कई उड़ानें रद्द

काठमांडू। नेपाल में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। मदन-आश्रित हाईवे पर लैंडस्लाइड के चलते 2 बसें त्रिशुली नदी में बह गईं। घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक, दोनों बसों में चालकों सहित कुल 63 लोग सवार थे। बस सवार सभी लोग लापता बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने भूस्खलन के मलबे को हटाना शुरू कर दिया है। लगातार बारिश और पानी के तेज बहाव के चलते सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है।
काठमांडू जा रही थी बस
हादसा सेंट्रल नेपाल में मदन-अश्रित हाइवे पर सुबह करीब 3 बजकर 30 मिनट पर हुआ। जब बसें हाईवे पर जा रही थीं, तभी लैंडस्लाइड हुई, जिससे वे सड़क से उतरकर नीचे उफनती नदी में जा गिरी। चितवन के मुख्य जिला अधिकारी इंद्रदेव यादव ने बताया कि, लैंडस्लाइड के चलते नदी में गिरने वाली एक बस काठमांडू जा रही थी। इसमें 24 लोग सवार थे, जबकि दूसरी बस में 41 लोग सफर कर रहे थे।नेपाल PM ने जताया दुख
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'नारायणगढ़-मुग्लिन रोड स्टेशन पर लैंडस्लाइड से बस बह जाने से लगभग पांच दर्जन यात्रियों के लापता होने की रिपोर्ट से मुझे काफी दुख हुआ है। मैं सरकार की सभी एजेंसियों को यात्रियों की खोज करने और उन्हें सही सलामत बचाने का निर्देश देता हूं।'











