नेपाल में बाढ़ से तबाही, बिहार में अलर्ट; गृह मंत्री अमित शाह ने की सीएम सम्राट चौधरी से बात

सीएम ने गंडक नदी से जुड़े पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली सहित संवेदनशील जिलों को अलर्ट रहने को कहा। संभावित प्रभावित इलाकों में लोगों को लाउडस्पीकर और माइक के जरिए जरूरी सूचना और खतरे की चेतावनी देने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमों को तैयार रखने को कहा गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी कहा कि बाढ़ प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।
नेपाल के हालात पर CM ने की अधिकारियों के साथ बैठक
नेपाल में बाढ़ से आई तबाही के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नेपाल में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए बिहार में संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने खासतौर पर गंडक नदी से जुड़े जिलों में प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए। नेपाल से आने वाले पानी की स्थिति पर लगातार निगरानी जरूरी है। संभावित प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को तैयार रहने को कहा गया।
ये भी पढ़ें: नेपाल में भोटेकोशी नदी में बाढ़ से तबाही, 8 की मौत; 105 भारतीयों समेत 384 यात्री लापता
बांधों और तटबंधों पर रात में भी होगी निगरानी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी बांधों और तटबंधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने तटबंधों की मजबूती सुनिश्चित करने और किसी भी कमजोर हिस्से पर तत्काल जरूरी कार्रवाई करने को कहा। सीएम ने बांधों और तटबंधों पर रात में भी विशेष नाइट पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से संभावित प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बाढ़ की स्थिति में लोगों की सुरक्षा और समय पर राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने कही बात
सीएम ने कहा कि संवेदनशील और प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन लाउडस्पीकर और माइक के जरिए लोगों को लगातार आवश्यक सूचना देता रहे। संभावित खतरे की चेतावनी भी समय रहते लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक समय रहते पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमों को तैयार रखने को कहा। उन्होंने राहत और बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: जजों को ट्रांसफर की धमकी! राजस्थान हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस पर सवाल, SC जज ने CJI से की हटाने की मांग
अमित शाह ने भी सीएम सम्राट चौधरी से की बात
नेपाल में बाढ़ और बिहार के हालात को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बात की। केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बाढ़ की स्थिति में राज्यों को सहयोग करने के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम से पहले ही अमित शाह के नेतृत्व में पूरी तैयारी कर ली गई थी। जिन राज्यों में बाढ़ की स्थिति बनी है, वहां केंद्र सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी क्षेत्रों में NDRF की टीमें तैयार हैं और लोगों की मदद कर रही हैं।




















