PU Special :हनुमान अंश देखकर बाबा के परिजन और सहयोगी हुए भावुक, बेटी बोलीं-फिल्मी पर्दे पर साकार हो उठे पिताजी

राजीव सोनी, भोपाल। अमेरिका निवासी बाबा की प्रपौत्री आयुषी शर्मा भी अपने परदादा का जीवन पर्दे पर देखने के लिए आतुर हैं, वहां 11 सितंबर को फिल्म रिलीज हो रही है। नीम करोली बाबा का भोपाल कनेक्शन जग जाहिर है और उनके बड़े बेटे अनेग सिंह (अब दिवंगत) का परिवार भोपाल में रहता है। बाबा के पौत्र डॉ. धनंजय शर्मा भी अपने दादा को हनुमानजी के अवतार के रूप में पूजते हैं। कैंची धाम और वृंदावन धाम की तर्ज पर भोपाल में हनुमानजी और नीम करोली बाबा का भव्य मंदिर बनाने की तैयारी भी चल रही है।
बाबा की खास मूर्ति से शुरू होता है दिन
नीम करोली बाबा का भोपाल कनेक्शन जग जाहिर है। उनके बड़े बेटे अनेग सिंह (अब दिवंगत) का परिवार भोपाल में रहता है। बाबा के पौत्र डॉ. धनंजय शर्मा (68) भी अपने दादा को हनुमानजी के अवतार के रूप में पूजते हैं। धनंजय के दिन की शुरूआत हनुमानजी की उस खास मूर्ति के पूजन से शुरू होती है, जो उन्हें बाबा ने सौंपी थी। बाबा की निशानी के तौर पर यह मूर्ति उन्हें बेहद प्रिय है।
1973 में वृंदावन में ली थी समाधि
अनंत चतुर्दशी 11 सितंबर 1973 को बाबा ने वृंदावन में समाधि ले ली थी। बाबा के सहयोगियों में से 3-4 लोग ही जीवित हैं। इनमें ज्ञानू दीदी और प्रभुदयाल शर्मा प्रमुख हैं। बाबा के सहयोगी रहे लोगों के लिए उनकी आध्यात्मिक जीवन यात्रा आज भी यादों में जीवित है। अब 'हनुमान अंश' फिल्म के जरिए बाबा के जीवन को रूपहले पर्दे पर साकार किया गया है।
भोपाल में बनेगा भव्य मंदिर
नीम करोली बाबा के पौत्र डॉ. शर्मा ने 'पीपुल्स समाचार' को बताया कि कैंची धाम और वृंदावन धाम की तर्ज पर भोपाल में हनुमानजी और नीम करोली बाबा का भव्य मंदिर बनाने की तैयारी चल रही है। इसमें गौशाला और संस्कृत पाठशाला भी रहेगी। मंदिर परिसर में ही बाबा का अस्थिकलश भी स्थापित किया जाएगा, जो कि पिछले 53 साल से भोपाल में रखा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित बाबा के कई भक्त सहयोग के लिए आगे आए हैं।
बेटी बोली-फिल्म देखकर मन द्रवित हो उठा
नीम करोली बाबा की पुत्री गिरिजा देवी ने कहा कि हनुमान अंश फिल्म में अपने पिता की आध्यात्मिक जीवन यात्रा को देख कर मन द्रवित हो उठा। उनकी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि पिताजी को वह हर दिन याद करती हैं और अपने आस-पास हर वक्त उनकी अनुभूति करती हैं। गिरिजा देवी के मुताबिक, परिवार पर बाबा का आशीर्वाद हमेशा से है।
पौत्र ने कहा-सादगी और पवित्रता के भाव से बनी फिल्म
बाबा के पौत्र डॉ. धनंजय शर्मा ने बताया कि रिलीज होने के पहले निर्माता विशाल चतुर्वेदी ने भोपाल आकर फिल्म दिखाई थी। उन्हें और परिजनों को फिल्म देखकर ऐसा लगा मानो बाबा साक्षात पर्दे पर उतर आए हों। उन्होंने कहा कि सादगी, सहजता और पवित्र भाव से फिल्म बनी है। वहीं नीम करोली बाबा की प्रपौत्री आयुषी शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने परदादा को नहीं देखा, लेकिन घर में बचपन से ही उनकी बातें सुनती आ रही हैं। अमेरिका के ऑस्टिन, टैक्सास में रहने वाली आयुषी शर्मा ने कहा कि अमेरिका में 11 सितंबर को फिल्म 'हनुमान अंश' रिलीज होना है और वह इसका इंतजार कर रही हैं। इस तरह नीम करोली बाबा के परिवार और उनके सहयोगियों के लिए यह फिल्म उनके आध्यात्मिक जीवन की यादों को फिर से सामने लाने का माध्यम बनी है।



















