राजस्थान, MP और जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट को मिलेंगे नए चीफ जस्टिस, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की बड़ी सिफारिश

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट को लेकर बड़ा फैसला लिया है। कॉलेजियम ने इन तीनों हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। सोमवार को हुई बैठक में इन नामों पर सहमति बनी। अब जरूरी संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्र सरकार इन नियुक्तियों को मंजूरी देगी।
राजस्थान हाईकोर्ट के लिए किसका नाम?
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के अलावा न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति बी. वी. नागरत्ना, न्यायमूर्ति एम. एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति पी. एस. नरसिंह शामिल हैं। राजस्थान हाईकोर्ट के लिए यह सिफारिश ऐसे समय हुई है, जब वहां हाईकोर्ट के कामकाज और मुख्य न्यायाधीश पद को लेकर चर्चा चल रही है।
जस्टिस संदीप मेहता ने लिखे थे तीन पत्र
इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संदीप मेहता की ओर से लिखे गए पत्र भी महत्वपूर्ण हैं। जस्टिस मेहता ने 2, 10 और 17 अगस्त को प्रधान न्यायाधीश को तीन पत्र लिखे थे। इनमें उन्होंने राजस्थान हाईकोर्ट में राज्य के बाहर से किसी स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति करने का आग्रह किया था। एक पत्र में उन्होंने 31 जुलाई को हुई हाईकोर्ट की फुल कोर्ट बैठक का भी जिक्र किया था। उनके मुताबिक, इस बैठक में करीब 96 वकीलों को वरिष्ठ वकील का दर्जा देने का प्रस्ताव रखा गया था। उन्होंने दावा किया कि इस प्रस्ताव पर पहले से पर्याप्त चर्चा नहीं हुई थी और तय मानदंडों का भी पालन नहीं किया गया।
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को मिलेंगे अल्पेश कोगजे
कॉलेजियम ने गुजरात हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है। अगर सरकार की ओर से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो जाती है, तो जस्टिस कोगजे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की कमान संभालेंगे। यह बदलाव मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के प्रशासनिक और न्यायिक कामकाज के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के लिए पुष्पेंद्र सिंह भाटी
राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है। इस तरह राजस्थान हाईकोर्ट के एक अन्य न्यायाधीश को दूसरे हाईकोर्ट की जिम्मेदारी मिलने जा रही है।
सरकार की मंजूरी के बाद लागू होंगी नियुक्तियां
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब इन नियुक्तियों के लिए आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकार की ओर से जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने और नियुक्ति की अधिसूचना जारी होने के बाद ही नए मुख्य न्यायाधीश अपना पद संभाल सकेंगे। इस फैसले के साथ राजस्थान, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट में नेतृत्व को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।




















