PM मोदी को देखने उमड़ा जनसैलाब! BookMyShow पर 1 घंटे में फुल हुईं सीटें, हजारों वेटिंग में

वडोदरा में मंगलवार को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहली बार BookMyShow के जरिए फ्री रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई। रजिस्ट्रेशन शुरू होने के करीब एक घंटे के अंदर ही सभी सीटें बुक हो गईं। हालात ऐसे रहे कि रजिस्ट्रेशन बंद होने तक 42 हजार से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में पहुंच गए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर लोगों में कितना उत्साह है।
पहली बार BookMyShow से फ्री रजिस्ट्रेशन
कार्यक्रम में एंट्री के लिए इस बार डिजिटल सिस्टम अपनाया गया है। लोगों को पहले BookMyShow के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन कराना था। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद उनके BookMyShow अकाउंट पर एक डिजिटल एम-टिकट उपलब्ध कराया जाएगा। इस टिकट में एक सुरक्षित और लाइव QR कोड होगा। कार्यक्रम स्थल के एंट्री गेट पर इसी QR कोड को स्कैन करके टिकट और एंट्री की जांच की जाएगी।
लाइन और भीड़ से बचाने के लिए पूरी व्यवस्था डिजिटल
रजिस्ट्रेशन से लेकर टिकट वेरिफिकेशन, कार्यक्रम स्थल में एंट्री और बैठने की व्यवस्था तक पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। इसका मकसद एंट्री गेट पर ज्यादा भीड़ जमा होने से रोकना और लोगों को लंबी लाइनों में खड़े होने से बचाना है। QR कोड स्कैन होने के बाद लोगों की एंट्री को तेजी से पूरा करने की व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें: सहारनपुर जा रहे अजय राय हिरासत में: पुलिस ने धरने से उठाया, कार्यकर्ताओं ने जमकर किया विरोध
गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। वडोदरा में वह 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान रेलवे और माल ढुलाई से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं भी सामने आएंगी, जिनसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था को बेहतर करने की उम्मीद है।
ढुलाई गलियारे के हिस्से होंगे समर्पित
वडोदरा में प्रधानमंत्री मोदी पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (Western Dedicated Freight Corridor) के तीन महत्वपूर्ण हिस्सों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह पूरा गलियारा करीब 326 किलोमीटर लंबा है और इसे 20,700 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से विकसित किया गया है। इसके शुरू होने से माल की तेज आवाजाही में मदद मिलने की उम्मीद है।
9,700 करोड़ की तीन रेलवे परियोजनाओं की रखेंगे नींव
पीएम मोदी करीब 329 किलोमीटर लंबी और 9,700 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत वाली तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरंडा-मलसर गेज कन्वर्जन और विश्वामित्री-दभोई डबलिंग प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन परियोजनाओं से रेलवे की यात्री और माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रैफिक का दबाव कम होने और गुजरात से मध्य प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।
एक तरफ विकास परियोजनाएं, दूसरी तरफ लोगों का उत्साह
वडोदरा में पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर जिस तरह से लोगों ने फ्री रजिस्ट्रेशन कराया, उससे कार्यक्रम के प्रति लोगों की दिलचस्पी साफ नजर आ रही है। महज एक घंटे में सीटें भर जाना और उसके बाद 42 हजार से ज्यादा लोगों का वेटिंग में पहुंचना इस उत्साह को दिखाता है। अब कार्यक्रम में एंट्री से लेकर बैठने तक की पूरी व्यवस्था डिजिटल रखी गई है, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले लोगों को कम से कम परेशानी हो।



















