मुंबई से श्रीनगर पहुंची IndiGo फ्लाइट हादसे का शिकार, ब्रेक सिस्टम हुआ फेल, पार्किंग के दौरान पोल से टकराया

मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 लैंडिंग के बाद हादसे का शिकार हो गई। विमान पार्किंग के लिए जा रहा था, तभी उसका ब्रेक सिस्टम फेल हो गया। ब्रेक काम नहीं करने की वजह से विमान रुक नहीं पाया और पार्किंग बे में लगे पोल यानी VDGS सिस्टम से जा टकराया। टक्कर में विमान के आगे के हिस्से (नोज सेक्शन) को नुकसान पहुंचा है।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
हादसे के समय विमान में मौजूद सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हादसे के बाद सभी यात्रियों और क्रू को मैनुअल सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित विमान से उतार लिया गया नुकसान को देखते हुए विमान को फिलहाल आगे की उड़ान के लिए रोक दिया गया है। घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच के बाद पता चलेगा हादसे का सही कारण
इस घटना की जांच तय नियमों के तहत संबंधित अधिकारी करेंगे। जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि हादसा किस वजह से हुआ। फिलहाल हादसे के कारण को लेकर कोई पक्की बात नहीं कही जा रही है।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य
हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है। बाकी फ्लाइट्स अपने तय समय के अनुसार आ-जा रही हैं। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यात्रियों और एयरपोर्ट से जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
इससे पहले मस्कट में भी डायवर्ट हुई थी इंडिगो फ्लाइट
बता दें कि गुरुवार को दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 को मस्कट डायवर्ट किया गया था। बताया गया कि उड़ान के दौरान पायलट की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर विमान की मस्कट में लैंडिंग कराई गई।




















