दिल्ली वालों के लिए जरूरी अपडेट!EC ने बढ़ाई SIR की डेडलाइन, अब इस दिन जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट

निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) प्रक्रिया की समयसीमा बढ़ा दी है। नए कार्यक्रम के अनुसार अब अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। पहले इसे 7 अक्टूबर को जारी किया जाना था।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट अब 17 अगस्त को होगी जारी
चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र में बताया है कि ड्राफ्ट मतदाता सूची अब 17 अगस्त को प्रकाशित होगी। पहले इसकी तारीख 5 अगस्त तय की गई थी।
घर-घर सत्यापन के लिए मिला अतिरिक्त समय
मतदाता सूची के सत्यापन के लिए बीएलओ (Booth Level Officers) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे फील्ड वेरिफिकेशन की अवधि भी बढ़ा दी गई है।
पहले अंतिम तिथि : 29 जुलाई
नई अंतिम तिथि : 8 अगस्त
यानी चुनाव आयोग ने फील्ड सत्यापन के लिए करीब 10 दिन का अतिरिक्त समय दिया है।
कब तक दर्ज करा सकेंगे दावा और आपत्ति?
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद मतदाता अपने नाम से जुड़े दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
नई समयसीमा -
17 अगस्त से 16 सितंबर तक
इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या किसी आपत्ति को दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।
14 मई से शुरू हुई थी SIR प्रक्रिया
दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का तीसरा चरण 14 मई से शुरू हुआ था। इसके पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। दिल्ली में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन अभियान 30 जून से चल रहा है, जिसके तहत मतदाताओं के विवरण का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।
क्यों बढ़ाई गई समयसीमा?
चुनाव आयोग के अनुसार, अतिरिक्त समय मिलने से फील्ड स्तर पर सत्यापन का काम बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। नई समयसीमा के मुताबिक, दिल्ली में SIR की बाकी सभी प्रक्रियाएं भी लगभग 12 दिन की देरी से पूरी होंगी।











