डेढ़ महीने से FIR पर कार्रवाई नहीं! निशु आजाद संग थाने पहुंचे CJP नेता सौरभ-रांका, पुलिस से पूछे तीखे सवाल

जंतर-मंतर पर जुलाई में हुए CJP के प्रदर्शन से जुड़ा विवाद एक बार फिर चर्चा में है। CJP के को-कन्वीनर सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे। दोनों ने पार्टी कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता संजय कुमार के मामले में कार्रवाई की मांग की।
FIR दर्ज, लेकिन कार्रवाई को लेकर सवाल
CJP नेता सौरव दास का कहना है कि संजय कुमार के साथ कथित मारपीट को लेकर पुलिस में मामला दर्ज हो चुका है। लेकिन उनका आरोप है कि करीब डेढ़ महीने से ज्यादा वक्त गुजरने के बावजूद आरोपी पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी का कहना है कि इसी वजह से वह पुलिस के सामने अपनी बात रखने और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग करने थाने पहुंची।
सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप ने बढ़ाई हलचल
इस बीच सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट की क्लिप तेजी से वायरल हुई। इसमें स्वतंत्र भारद्वाज कथित तौर पर संजय कुमार के सिर पर चोट लगने की घटना का जिक्र करते दिखाई दे रहे हैं। नीशू आजाद ने इस वीडियो को लेकर दावा किया कि इसमें स्वतंत्र ने खुद उनके पिता को चोट पहुंचाने की बात स्वीकार की है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि घटना के बाद FIR भी दर्ज कराई गई थी। नीशू का आरोप है कि आरोपी को राजनीतिक प्रभाव का फायदा मिला और अब तक उसके खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई।
स्वतंत्र भारद्वाज ने बताई बिल्कुल अलग कहानी
वहीं, स्वतंत्र भारद्वाज ने घटना को हमला मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि उस समय हालात ऐसे थे कि उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए कदम उठाना पड़ा। उनके मुताबिक, करीब 10 से 15 लोगों ने उन्हें घेर रखा था। उनका दावा है कि अगर वह खुद को बचाने की कोशिश नहीं करते तो उनके साथ गंभीर मारपीट हो सकती थी। स्वतंत्र ने कहा कि उनके पास घटना से जुड़ा वीडियो भी मौजूद है। उन्होंने दावा किया कि इसी दौरान संजय कुमार के सिर पर चोट लगी। उन्होंने पुलिस की मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उसमें गंभीर चोट की बात सामने नहीं आई है। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच चल रही है और वह जांच में सहयोग कर रहे हैं।
CJP ने पुलिस से क्या कहा?
CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर की घटना के बाद से पार्टी लगातार नीशू और उनके पिता के लिए न्याय की मांग कर रही है। रांका का कहना है कि अगर आरोपी के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं होती है तो यह गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी दोनों के साथ खड़ी है और पुलिस से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करेगी। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है। घटना को लेकर शिकायतकर्ता और आरोपी, दोनों की तरफ से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।
जुलाई के प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ था?
मामला जुलाई में जंतर-मंतर पर आयोजित CJP के प्रदर्शन से जुड़ा है। इस प्रदर्शन में नीशू आजाद भी मौजूद थीं। उनका आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय कुमार के साथ मारपीट हुई और उनके सिर में चोट लगी। घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। नीशू का कहना है कि केस दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ वैसी कार्रवाई नहीं हुई, जिसकी वह उम्मीद कर रही थीं।




















