कनाडा में विमान हादसा, भारत के 2 छात्रों की दर्दनाक मौत, निधन पर भारतीय दूतावास ने जताया दुख

कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुए विमान हादसे में तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण थिरुग्नानासंबंधम की मौत हो गई। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दोनों परिवारों को मदद का भरोसा दिया है। हादसे की वजह अभी साफ नहीं है। स्थानीय अधिकारी जांच कर रहे हैं और दूतावास पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में सहायता कर रहा है।
कनाडा में विमान हादसा, भारत के 2 छात्रों की दर्दनाक मौत, निधन पर भारतीय दूतावास ने जताया दुख
कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुए विमान हादसे में तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण थिरुग्नानासंबंधम की मौत हो गई।

कनाडा में पायलट बनने का सपना लेकर पहुंचे दो भारतीय छात्रों की एक विमान हादसे में मौत हो गई। दोनों छात्र फ्लाइट ट्रेनिंग कर रहे थे, लेकिन ट्रेनिंग के दौरान हुआ हादसा उनकी जिंदगी की आखिरी उड़ान बन गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद वैंकूवर स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दोनों छात्रों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। मृतकों की पहचान तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण थिरुग्नानासंबंधम के रूप में हुई है। भारतीय मिशन ने बताया कि वह लगातार स्थानीय अधिकारियों और दोनों छात्रों के परिवारों के संपर्क में है।

शव भारत लाने में परिवारों की मदद करेगा दूतावास

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में उसकी संवेदनाएं दोनों छात्रों के परिवारों और उनके करीबियों के साथ हैं। दूतावास के मुताबिक, दोनों छात्रों के पार्थिव शरीर भारत और उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में परिवारों को हर जरूरी कांसुलर सहायता दी जा रही है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस मामले में स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।

X Post

आखिर कैसे हुआ विमान हादसा?

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त कैसे हुआ। हादसे की सही वजह अभी सामने नहीं आई है। स्थानीय अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। कनाडाई मीडिया CBC ने शनिवार को सस्केचेवान के किस्बे के पास एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर दी थी। हालांकि, अभी यह पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है कि CBC की रिपोर्ट में बताई गई दुर्घटना वही है, जिसमें दोनों भारतीय छात्रों की मौत हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, Harv's Air द्वारा संचालित Cessna 172 विमान शुक्रवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हादसे में विमान में सवार दोनों लोगों की मौत हो गई।

लाइसेंस प्राप्त पायलट कर रहे थे क्रॉस-कंट्री फ्लाइट

CBC की रिपोर्ट के अनुसार, विमान में दो लाइसेंस प्राप्त पायलट सवार थे। दोनों रेजीना से सस्केचेवान के कार्लाइल होते हुए मैनिटोबा के स्टाइनबैक तक क्रॉस-कंट्री उड़ान पर निकले थे। बताया गया कि दोनों पायलट अपने कमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए जरूरी उड़ान घंटे पूरे करने के लिए विमान किराए पर लेकर गए थे। इसी दौरान विमान हादसे का शिकार हो गया।

सुबह नहीं पहुंचा विमान, शाम को मिला मलबा

विमान को सुबह करीब 10:30 बजे तक अपने गंतव्य पर पहुंचना था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद कनाडा के परिवहन सुरक्षा बोर्ड को इसकी जानकारी दी गई और विमान की तलाश शुरू की गई। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शाम करीब 6 बजे खोज और बचाव टीमों को विमान का मलबा मिला। घटनास्थल पर दोनों लोगों को मृत पाया गया।

ये भी पढ़ें: मेरठ में योगी-नितिन नबीन का मेगा कार्यक्रम, युवाओं से संवाद के बाद संगठन पर होगा मंथन..! 

पैराशूट के जरिए पहुंची रेस्क्यू टीम

ट्रेंटन स्थित ज्वाइंट रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर की जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट जो हॉलैंडर ने बताया कि लापता विमान की तलाश और बचाव अभियान का नेतृत्व उनकी टीम ने किया। 435 स्क्वाड्रन के CC-138 हरक्यूलिस विमान ने दुर्घटनास्थल का पता लगाया। इसके बाद खोज और बचाव दल के सदस्यों को पैराशूट के जरिए घटनास्थल पर उतारा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद मामले को रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) को सौंप दिया गया।

Harv's Air से जुड़ा पहले भी हादसा

CBC की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 के बाद से Harv's Air से जुड़ी यह तीसरी विमान दुर्घटना है। जनवरी 2025 में एक प्रशिक्षक छोटे विमान के प्रोपेलर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसके बाद जुलाई 2025 में ट्रेनिंग के दौरान एक इंजन वाला विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में दो छात्र पायलटों की मौत हुई थी। फिलहाल मौजूदा हादसे की वजह की जांच जारी है। वहीं, भारतीय दूतावास दोनों छात्रों के परिवारों के संपर्क में है और उनके पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में मदद कर रहा है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts