सुनीता विलियम्स को वापस लाने के लिए नासा के पास सिर्फ 14 दिन, क्योंकि क्रू-9 मिशन आएगा

नई दिल्ली। भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर बीते दो महीने से अंतरिक्ष में फंसे हैं। दोनों अंतरिक्ष यात्री अपने बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान में तकनीकी समस्याओं के कारण अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से वापस नहीं आ पाए हैं। अब नासा के पास उन्हें वापस लाने और समस्या को ठीक करने केवल 14 दिन बचे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इसके बाद क्रू-9 मिशन आ जाएगा।
18 को लॉन्च होगा क्रू-9 मिशन
बोइंग स्टारलाइनर दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को 5 जून को आईएसएस में लेकर गया था। जैसे ही स्टारलाइनर पहुंचा, यान के थ्रस्टर्स और हीलियम सिस्टम में समस्या आ गई। बता दें, अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए क्रू-9 मिशन 18 अगस्त को लॉन्च होने जा रहा है। इसके अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ने के लिए पहले स्टारलाइनर को डॉकिंग पोर्ट से हटाना होगा।
ये हो सकती है परेशानी
नासा के क्रू-9 मिशन आने के बाद सुनीता और उनके साथी को बचाने में और मुश्किलें आएंगी। बता दें, सुनीता विलियम के मिशन स्टारलाइनर को उसकी पहली मानवयुक्त उड़ान में परखना था, जो बोइंग के वाणिज्यिक क्रू कार्यक्रम के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इंजीनियरों ने अंतरिक्ष यान के सर्विस मॉड्यूल में पांच छोटे हीलियम लीक की खोज की। इन समस्याओं के कारण स्टारलाइनर सुरक्षित रूप से अनडॉक होकर पृथ्वी पर वापस नहीं आ पाया। सुनीता और बुच अपने अंतरिक्ष यान में तकनीकी समस्याओं के कारण वहां फंस गए।





















