नाना-नानी के घर मां के साथ सो रहा था 3 साल का मासूम, रात में गायब हुआ तो पास ही मिली लाश

तेंदूखेड़ा, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नाना-नानी के घर मां के साथ सो रहे तीन साल के मासूम की हत्या कर दी गई। रात में मां की आंख खुली तो बच्चा बिस्तर से गायब था। तलाश करने पर मासूम पास ही एक फाउंडेशन में मृत अवस्था में मिला।
मां के साथ नाना-नानी के घर आया था मासूम
जानकारी के मुताबिक, ग्राम ईश्वरपुर निवासी चौधरी पुष्पेंद्र की पत्नी वर्षा अपने मायके काचरकोना आई हुई थीं। उनके माता-पिता तीर्थ यात्रा पर गए हुए हैं और घर की देखरेख के लिए वर्षा वहां आई थीं। उनके साथ उनका तीन साल का बेटा कृष्णकांत भी था।
रात करीब 11 बजे गायब हुआ बच्चा
बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 11 बजे वर्षा अपने बेटे के साथ सो रही थीं। इसी दौरान वह कुछ देर के लिए उठीं। वापस आने पर उन्होंने देखा कि बच्चा बिस्तर पर नहीं है। वर्षा ने आसपास तलाश की और आवाज लगाई। टॉर्च की मदद से घर और आसपास के इलाके में बच्चे को खोजा गया। जब बच्चा नहीं मिला तो पड़ोसियों को भी जगाया गया।
घर के पास फाउंडेशन में मिला मासूम
परिजनों और पड़ोसियों ने मिलकर बच्चे की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद घर के पास ही एक फाउंडेशन में तीन साल का कृष्णकांत मृत अवस्था में मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मासूम की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, डॉग स्क्वायड भी पहुंचा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है, ताकि घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मासूम घर से बाहर कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
गांव में तरह-तरह की चर्चाएं
मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह और मौत की परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की जांच जारी है।












