नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, महिला शिक्षिकाओं से अभद्रता का आरोप; कलेक्टर ने किया सस्पेंड

नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक के कालाआखर में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले शिक्षक पर बड़ी कार्रवाई हुई है। शासकीय एकीकृत बालक माध्यमिक शाला कालाआखर के माध्यमिक शिक्षक कल्याण सिंह अहिरवार को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं। मेडिकल जांच में शिक्षक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई थी। शिक्षक पर स्कूल में महिला शिक्षिकाओं के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगा है। जांच के बाद कलेक्टर ने शिक्षक को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की।
6 अक्टूबर को नशे में स्कूल पहुंचा था शिक्षक
मामला 6 अक्टूबर 2026 का है। आरोप है कि शिक्षक कल्याण सिंह अहिरवार शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। उनके साथ एक ग्रामीण भी मौजूद था। स्कूल पहुंचने के बाद शिक्षक ने सहायक शिक्षिका जयंती कुमरे सहित अन्य महिला शिक्षिकाओं के साथ कथित तौर पर अभद्रता शुरू कर दी। इससे स्कूल में विवाद की स्थिति बन गई।
दोपहर करीब 2:30 बजे शिक्षक स्कूल से चले गए, लेकिन करीब 3 बजे दोबारा स्कूल लौट आए। इसके बाद फिर से विवाद की स्थिति बनी। स्कूल स्टाफ के मुताबिक, शिक्षक पहले भी इस तरह का माहौल बना चुके हैं।
स्कूल स्टाफ ने अधिकारियों को दी सूचना
घटना की जानकारी स्कूल स्टाफ ने बीईओ केसला और केसला पुलिस थाने को दी। बीईओ के निर्देश पर शासकीय सांदीपनि उमावि सुखतवा के प्रभारी प्राचार्य प्रदीप सिंह राजपूत जांच के लिए स्कूल पहुंचे। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची और शिक्षक को क्लासरूम से बाहर निकाला।
मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि
पुलिस ने शिक्षक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुखतवा में मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट में शिक्षक के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रभारी प्राचार्य ने पूरे मामले की जांच कर अपना प्रतिवेदन अधिकारियों को सौंपा। मेडिकल रिपोर्ट और जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शिक्षक को प्रथम दृष्टया दोषी माना।
कलेक्टर ने जारी किया निलंबन आदेश
मामले में कलेक्टर ने शिक्षक कल्याण सिंह अहिरवार को सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 1(2)(3) और सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के नियम 9 के तहत निलंबित किया है। निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्कूल में शराब के नशे में पहुंचने और महिला शिक्षिकाओं से अभद्रता के आरोपों को लेकर मामला चर्चा में है।




















