मुजफ्फरनगर में 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या, मंदिर में वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश फरार

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक मंदिर के बुजुर्ग पुजारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना भौराकलां थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज परिसर स्थित शिव मंदिर की है, जहां रहने वाले 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर जान ले ली।
बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंदिर परिसर में पहुंचे थे। बदमाशों ने स्वामी देवानंद भारती पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत घटनास्थल से फरार हो गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही भौराकलां थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीमें मौके पर पहुंचीं और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अभिषेक सिंह और मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सूरज कुमार राय ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच की समीक्षा की।
3 पुलिस टीमों का गठन, परिचितों पर शक
हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने SOG, सर्विलांस और भौराकलां थाना पुलिस की 3 अलग-अलग टीमें गठित की हैं। डीआईजी अभिषेक सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि हमलावर मृतक के परिचित हो सकते हैं। हालांकि, हत्या के पीछे की मुख्य वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।




















