मुंबई में सफर हुआ महंगा, ऑटो-टैक्सी के नए किराए लागू! जानिए अब कितना देना होगा किराया

मुंबई। मुंबई में रोज ऑटो या टैक्सी से सफर करने वालों के लिए मंगलवार से खर्च बढ़ गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण की मंजूरी के बाद ऑटो-रिक्शा और काली-पीली टैक्सियों के नए किराए लागू कर दिए गए हैं। अब ऑटो में शुरुआती 1.5 किलोमीटर के लिए 27 रुपये देने होंगे, जबकि टैक्सी का न्यूनतम किराया 33 रुपये हो गया है। ऑटो के किराए में एक रुपये और टैक्सी में दो रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यह बदलाव मुंबई के साथ आसपास के कई शहरों और इलाकों में भी लागू होगा। करीब 18 महीने बाद किराए में यह बदलाव किया गया है।
ऑटो और टैक्सी का नया किराया
अब मुंबई में ऑटो का शुरुआती किराया 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये हो गया है। वहीं काली-पीली टैक्सी के लिए यात्रियों को पहले 31 रुपये देने पड़ते थे, जो अब 33 रुपये हो गए हैं। शेयरिंग ऑटो का किराया भी एक रुपये बढ़ाया गया है। प्रति किलोमीटर किराए में भी बदलाव किया गया है। टैक्सी का रेट 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये प्रति किलोमीटर हो गया है। इसी तरह ऑटो का प्रति किलोमीटर किराया 17.14 रुपये से बढ़ाकर 18.22 रुपये किया गया है।
ये भी पढ़ें: ‘दोनों पक्ष दुश्मन नहीं’... CJP ने 5 सितंबर का दिल्ली मार्च लिया वापस, केंद्र के आश्वासन के बाद बदला फैसला
किन इलाकों में लागू होंगे नए रेट?
किराए में बढ़ोतरी का असर सिर्फ मुंबई शहर तक सीमित नहीं है। मुंबई महानगर क्षेत्र के ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण, पनवेल और वसई-विरार जैसे इलाकों में भी नए किराए लागू होंगे। रोज ऑफिस, कॉलेज या दूसरे कामों के लिए ऑटो-टैक्सी का इस्तेमाल करने वाले लोगों को अब छोटी दूरी के सफर में भी पहले से ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा।
30 नवंबर तक मीटर अपडेट करना जरूरी
नए किराए के हिसाब से ऑटो और टैक्सी के इलेक्ट्रॉनिक मीटर को दोबारा सेट करना जरूरी किया गया है। ड्राइवरों को मीटर रीकैलिब्रेशन के लिए 30 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है। तय समय के बाद मीटर अपडेट नहीं कराने पर कार्रवाई और जुर्माना हो सकता है। जब तक मीटर अपडेट नहीं होता, ड्राइवर RTO से मिलने वाला आधिकारिक टैरिफ कार्ड अपने साथ रख सकेंगे। इससे यात्रियों को किराए की सही जानकारी मिल सकेगी।
CNG महंगी होने का भी असर
किराया बढ़ाने के पीछे बढ़ती लागत को अहम वजह बताया गया है। फरवरी 2025 के पिछले किराया संशोधन के बाद CNG की कीमत में करीब 8 रुपये यानी 10.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा वाहनों की कीमत, लोन पर ब्याज और दूसरे खर्चों को भी किराया तय करते समय ध्यान में रखा गया है।
ये भी पढ़ें: विदेश से PM मोदी ने सुनाई भारत की ‘ग्रोथ स्टोरी’, 7.8% विकास दर पर देशवासियों को दी बड़ी खुशखबरी, जारी किया नया VIDEO
18 महीने बाद फिर बढ़ा किराया
मुंबई में इससे पहले ऑटो-टैक्सी का किराया 1 फरवरी 2025 को बढ़ाया गया था। अब करीब 18 महीने बाद यात्रियों को फिर बढ़े हुए किराए का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर रोजाना छोटी दूरी तय करने वाले यात्रियों के मासिक बजट पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।



















