Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पेपर लीक पर MPPSC का बयान, तय समय पर ही होगी परीक्षा, सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को बताया ‘‘निराधार और भ्रामक''

पेपर लीक पर MPPSC का बयान, तय समय पर ही होगी परीक्षा, सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को बताया ‘‘निराधार और भ्रामक''
इंदौर। प्रदेश में 23 जून को होने वाली मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा से पहले पेपर लीक होने की खबरें वायरल हो रही थी। मामला सामने आने के बाद मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने इसे लेकर स्पष्टीकरण जारी किया। राज्य सेवा परीक्षा और राज्य वन सेवा परीक्षा के प्रारंभिक दौर के पेपर लीक होने एवं उनके सोशल मीडिया पर 2,500-2,500 रुपए में बिक्री के लिए उपलब्ध होने की खबरों को MPPSC ने शनिवार को निराधार और भ्रामक बताया है। आयोग ने हजारों उम्मीदवारों की चिंताएं दूर करते हुए यह स्पष्ट भी किया कि दोनों परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 23 जून (रविवार) को ही आयोजित होंगी।

निर्धारित समय पर होंगी दोनों परीक्षाएं

इस पूरे मामले को लेकर एमपीपीएससी के सचिव प्रबल सिपाहा ने एक विज्ञप्ति जारी करके कहा कि राज्य के 55 जिला मुख्यालयों में यह परीक्षा 23 जून को प्रात: 10:00 से 12:00 बजे तक और दोपहर 02:15 से 04:15 बजे तक, दो सत्रों में आयोजित की जा रही है। प्रारंभिक दौर की राज्य सेवा परीक्षा 2024 और राज्य वन सेवा परीक्षा 2024 की गोपनीयता और शुचिता को लेकर सोशल मीडिया तथा अन्य प्रचार माध्यमों पर निराधार एवं भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं। सिपाहा ने कहा कि दोनों परीक्षाएं 23 जून की निर्धारित तिथि को नियत समय पर संपूर्ण दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजित की जाएंगी।

कठोर कार्रवाई की दी चेतावनी

विज्ञप्ति में चेतावनी भी दी कि एमपीपीएससी की भर्ती परीक्षाओं के बारे में सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों पर भ्रामक जानकारी और अफवाहें फैलाने वाले लोगों के खिलाफ "कठोर कानूनी कार्रवाई" की जाएगी। राज्य सेवा परीक्षा के एक उम्मीदवार ने बताया कि पर्चा लीक होने की अफवाहों की शुरुआत सोशल मीडिया मंच "टेलीग्राम" पर बनाए गए एक खाते के कारण हुई जिस पर दावा किया गया है कि एमपीपीएससी के पेपर 2,500-2,500 रुपए में बिकाऊ हैं। उम्मीदवार ने बताया कि इस टेलीग्राम खाते पर भुगतान के लिए एक क्यूआर कोड भी दिया गया है। साइबर पुलिस की इंदौर स्थित क्षेत्रीय इकाई के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया,‘‘हमें इस टेलीग्राम खाते के बारे में जानकारी मिली है। हम पुलिस की अपराध निरोधक शाखा की मदद से इसकी जांच कर रहे हैं। जांच के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।" ये भी पढ़ें- CM डॉ. मोहन यादव ने की मेट्रो प्रोजेक्ट की समीक्षा, भोपाल मेट्रो का काम 2027 में होगा पूरा, भोपाल में 27 और इंदौर में 25 मेट्रो चलाई जाएंगी मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts