PlayBreaking News

MP Weather Update :बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, बिजली गिरने और तेज बहाव से 4 की मौत, अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून के बीच मौसम ने करवट ली है। कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। बिजली गिरने और तेज बहाव से चार लोगों की मौत हो गई। अगले चार दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
Follow on Google News
बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, बिजली गिरने और तेज बहाव से 4 की मौत, अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भोपाल, सीहोर, रायसेन, इंदौर समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह से मौसम बदला हुआ है, जबकि दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है।

बारिश के बीच चार लोगों की मौत, कई जगह हादसे

बारिश की वजह से प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर दर्दनाक हादसे सामने आए हैं। खरगोन जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में आकाशीय बिजली गिरने से मजदूर राधेश्याम (30) और गृहिणी केनू (30) की मौत हो गई। केनू का तीन साल का बेटा है।

वहीं बैतूल जिले के चिचोली क्षेत्र में उफनाई चंपा नदी ने दो लोगों की जान ले ली। सोमवार रात सिप्लाई निवासी राजेश बिहारे और दद्दू धुर्वे बाइक सहित नदी के रपटे से बह गए थे। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार सुबह दोनों के शव रपटे से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिले।

पांढुर्णा में पेड़ गिरा, 8 गांवों की बिजली सप्लाई ठप

पांढुर्णा जिले में सोमवार रात से रुक-रुक कर बारिश जारी है। मंगलवार सुबह मुंगणापार-मोहगांव मार्ग पर बारिश के दौरान एक बड़ा पेड़ बिजली के तारों को तोड़ते हुए सड़क पर गिर गया। इससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया और आसपास के आठ गांवों की बिजली आपूर्ति भी बंद हो गई। बिजली विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने में जुटी हैं।

इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान करीब चार इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

MP weather update

इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी समेत कुल 50 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

अभी एक जगह ठहरा हुआ है मानसून

प्रदेश में मानसून ने 24 जून को प्रवेश किया था और अब तक अलीराजपुर, इंदौर, धार, हरदा, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी तक पहुंच चुका है। हालांकि इसके बाद मानसून की गति धीमी पड़ गई और यह एक ही क्षेत्र में ठहर गया।

इसी वजह से प्रदेश के उत्तरी हिस्सों, खासकर ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है और तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

प्रदेश में अब तक सामान्य से 39% कम बारिश

एक जून से अब तक मध्य प्रदेश में औसतन 124.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि केवल 75.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी प्रदेश में अब तक करीब 39 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 68 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में बारिश की कमी केवल 11 प्रतिशत है। अलीराजपुर ऐसा जिला है जहां सबसे कम करीब दो मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।

बारिश का आंकड़ा

स्थिति

सामान्य बारिश

124.2 मिमी

अब तक दर्ज

75.7 मिमी

कुल कमी

39%

किन जिलों में सामान्य से ज्यादा और कम बारिश?

अब तक भोपाल, सीहोर, इंदौर, बुरहानपुर, अशोकनगर, आगर-मालवा, शाजापुर, मंदसौर और नीमच जैसे जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। अकेले भोपाल में छह इंच से ज्यादा वर्षा दर्ज की जा चुकी है। वहीं छिंदवाड़ा, जबलपुर, रीवा, सागर, सतना, कटनी, दमोह, पन्ना, बालाघाट, सिवनी, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा, खरगोन, धार, देवास, ग्वालियर, विदिशा, राजगढ़ समेत कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है।

Featured News

तापमान का हाल: खजुराहो सबसे गर्म, बैतूल सबसे ठंडा

29 जून को दर्ज आंकड़ों के अनुसार खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2°C दर्ज किया गया। इसके बाद नौगांव 40.5°C और ग्वालियर 40.3°C के साथ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे।

वहीं बैतूल में अधिकतम तापमान 31.8°C, सिवनी में 31.4°C और खंडवा में 31.1°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश के अपेक्षाकृत ठंडे इलाकों में रहे। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 34.2°C, इंदौर में 33.2°C, जबलपुर में 38.4°C और उज्जैन में 35.5°C रिकॉर्ड किया गया।

शहर

अधिकतम (°C)

न्यूनतम (°C)

भोपाल

34.2

25.0

इंदौर

33.2

24.4

ग्वालियर

40.3

30.3

जबलपुर

38.4

25.2

उज्जैन

35.5

25.0

बैतूल

31.8

22.5

छिंदवाड़ा

33.6

23.2

सिवनी

31.4

24.8

खजुराहो

41.2

26.2

नौगांव

40.5

26.0

रीवा

39.2

26.5

दमोह

39.0

19.0

नर्मदापुरम

36.8

26.2

खरगोन

32.0

21.0

खंडवा

31.1

20.4

सबसे अधिक तापमान: खजुराहो (41.2°C)

सबसे कम अधिकतम तापमान: खंडवा (31.1°C)

अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?

तारीख

मुख्य अलर्ट

30 जून

बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

1 जुलाई

देवास, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट में भारी बारिश

2 जुलाई

नर्मदापुरम, बालाघाट और डिंडौरी में अति भारी बारिश, कई जिलों में भारी वर्षा

3 जुलाई

रायसेन और छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश, 10 से अधिक जिलों में भारी वर्षा की संभावना

मौसम विभाग की लोगों को सलाह

लगातार बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए लोगों को नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने से बचने की सलाह दी गई है। तेज बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों और बिजली चमकने पर खुले स्थानों से दूर रहें। जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है, वहां प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts