MP Weather Update :13 दिन बाद बदला मौसम, भोपाल समेत कई जिलों में झमाझम बारिश; 4 जिलों में हैवी रेन अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने से अब तक सामान्य से 17% कम बारिश हुई है। मंगलवार को मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी में भारी बारिश का अलर्ट है। राजगढ़ में सबसे ज्यादा 103 मिमी बारिश दर्ज हुई। जानिए जिलेवार मौसम, बारिश के आंकड़े और अगले चार दिन का पूर्वानुमान।
13 दिन बाद बदला मौसम, भोपाल समेत कई जिलों में झमाझम बारिश; 4 जिलों में हैवी रेन अलर्ट
मध्य प्रदेश के कई जिलों में सोमवार रात से हो रही बारिश।

भोपाल। करीब दो सप्ताह तक कमजोर पड़े मानसून ने आखिरकार मध्य प्रदेश में फिर दस्तक दे दी है। राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में सोमवार रात से बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। हालांकि राहत के बावजूद प्रदेश अब भी सामान्य से 17% कम बारिश के आंकड़े पर बना हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार को मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी में भारी बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा और खरगोन समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान है।

इसके अलावा उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं नीमच, मंदसौर और रतलाम में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।

13 दिन बाद कई जिलों में हुई बारिश

भोपाल, सीहोर, रायसेन और शाजापुर समेत कई जिलों में लंबे इंतजार के बाद बारिश हुई। राजधानी भोपाल में सोमवार देर रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही। रायसेन में करीब 18 दिन बाद हुई बारिश से धान के खेतों में फिर पानी भर गया और पहाड़ियों पर झरने बहने लगे। सीहोर में रात एक बजे से लगातार बारिश हो रही है।

शाजापुर के अकोदिया क्षेत्र में 13 दिन बाद झमाझम बारिश हुई, जिससे सोयाबीन और अन्य खरीफ फसलों को नई जिंदगी मिली। कई गांवों में बारिश की कामना के लिए चल रहे भजन-कीर्तन भी अब खुशी में बदल गए।

MP weather update

इटारसी और श्योपुर में भी मौसम हुआ सुहाना

इटारसी में करीब 20 से 25 दिन बाद तड़के तीन बजे बारिश शुरू हुई, जो सुबह तक जारी रही। तापमान घटकर 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया और उमस से राहत मिली। हालांकि शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी। वहीं श्योपुर में सोमवार देर रात से लगातार बारिश हो रही है। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग ने यहां पहले से ही 21 और 22 जुलाई के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया था।

मंडला में तेज बहाव में बहे दो युवक, दोनों सुरक्षित

मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र में तेज बारिश के बाद बड़ा हादसा टल गया। उफनाए बंधा नाले की पुलिया पार करते समय बाइक सवार दो युवक तेज बहाव में बह गए। एक युवक ने पेड़ पकड़कर जान बचाई, जबकि दूसरे की तलाश के लिए एसडीईआरएफ को बुलाया गया। सुबह वह घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सुरक्षित मिल गया। बताया जा रहा है कि पुलिया पर निर्माण कार्य चल रहा था और अचानक पानी बढ़ने से यह घटना हुई।

उमरिया में बारिश के लिए मंदिर में 24 घंटे भजन-कीर्तन

उमरिया जिले में कम बारिश से परेशान ग्रामीणों ने मानपुर क्षेत्र के चिल्हारी स्थित पहाड़ी हनुमान मंदिर में 24 घंटे तक भजन-कीर्तन किया। जिले में अब तक करीब 11.2 इंच बारिश हुई है, लेकिन किसानों का कहना है कि फसलों के लिए अभी और पानी की जरूरत है।

Featured News

भोपाल में बारिश का स्वागत, जरूरतमंदों को बांटा भोजन

राजधानी भोपाल में मानसून की पहली तेज बारिश का लोगों ने अलग-अलग अंदाज में स्वागत किया। बाबा नानक प्रेरणा सेवा समिति के सदस्यों ने बारिश में भीगते हुए जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया। लंबे समय बाद हुई बारिश से शहर का मौसम खुशनुमा हो गया।

प्रदेश में अब तक 17% कम बारिश, चिंता बरकरार

मानसून सीजन में अब तक मध्य प्रदेश में 268.1 मिमी (10.5 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस समय तक 323.2 मिमी (12.7 इंच) बारिश हो जानी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब भी 17 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले 13 दिनों में कहीं भी व्यापक और लगातार भारी बारिश नहीं हुई, जिसके कारण औसत बारिश का आंकड़ा लगातार नीचे आ रहा है। जुलाई के पहले सप्ताह तक पश्चिमी मध्य प्रदेश सामान्य से बेहतर स्थिति में था, लेकिन अब वहां भी बारिश का ग्राफ गिरकर माइनस में पहुंच गया है।

प्रदेश में बारिश की स्थिति

पैरामीटर

आंकड़ा

अब तक हुई बारिश

268.1 मिमी (10.5 इंच)

सामान्य बारिश

323.2 मिमी (12.7 इंच)

बारिश की कमी

17%

बारिश से प्रभावित जिले

39 जिले

कौन आगे, कौन पीछे?

बारिश के मामले में प्रदेश के अलग-अलग जिलों की स्थिति काफी अलग है। देवास जिले में सामान्य से 102 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि हरदा, इंदौर, सीहोर और भोपाल में भी स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बनी हुई है। दूसरी ओर, आलीराजपुर सबसे अधिक बारिश की कमी वाला जिला बना हुआ है, जहां सामान्य से करीब 74 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

राजगढ़ में सबसे ज्यादा 103 मिमी बारिश

मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक जारी भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश राजगढ़ में दर्ज की गई।

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश वाले जिले

जिला

वर्षा (मिमी)

राजगढ़

103.0

रायसेन

66.5

उमरिया

50.2

सतना

43.8

नरसिंहपुर

36.0

सागर

35.2

टिकमगढ़

28.0

मंडला

26.4

ग्वालियर

23.3

खंडवा

22.0

भोपाल

21.4

जबलपुर

20.2

नर्मदापुरम

20.1

कहां कितना रहा तापमान?

IMD के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

शहर

अधिकतम तापमान

खंडवा

33.1°C

शिवपुरी

33.0°C

खरगोन

32.8°C

गुना

32.6°C

खजुराहो

32.6°C

होशंगाबाद

32.4°C

श्योपुर

32.0°C

उज्जैन

31.7°C

रतलाम

31.6°C

रीवा

31.5°C

आर्द्रता भी बढ़ी, राजगढ़ में 100% नमी

बारिश के बाद प्रदेश के कई जिलों में हवा में नमी काफी बढ़ गई है। राजगढ़ में सुबह 8:30 बजे 100 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। भोपाल, रायसेन और नर्मदापुरम में 98 प्रतिशत, जबकि जबलपुर में 93 प्रतिशत आर्द्रता रिकॉर्ड की गई।

जुलाई के आखिरी सप्ताह से बढ़ सकती है बारिश

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में एक नया मजबूत मानसूनी सिस्टम बनने की संभावना है। यदि यह सिस्टम सक्रिय होकर मध्य प्रदेश की ओर बढ़ता है तो पूरे प्रदेश में फिर से अच्छी बारिश हो सकती है। इससे अब तक की 17 प्रतिशत बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है। फिलहाल अगले चार दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में ही भारी बारिश की संभावना है, जबकि अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts