MP Weather Update :दिन के साथ रातें भी गर्म… कई जिलों में पारा 40°C के पार, 19 में लू का अलर्ट

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। खजुराहो 43.4°C के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि कई जिलों में तापमान 40°C के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने 19 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। अगले 4 दिन तक हीटवेव और गर्म रातों का असर रहेगा।
Follow on Google News
दिन के साथ रातें भी गर्म… कई जिलों में पारा 40°C के पार, 19 में लू का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी ने अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रातें भी लोगों को राहत नहीं दे रही हैं। बुधवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। सबसे ज्यादा गर्मी खजुराहो में दर्ज की गई, जहां पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बढ़ती गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

कहां कितना चढ़ा पारा? 

प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिससे साफ है कि गर्मी तेजी से अपने चरम की ओर बढ़ रही है। खजुराहो 43.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि नर्मदापुरम 43.2 डिग्री और नौगांव 43 डिग्री के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा रायसेन में 42.4 डिग्री, नरसिंहपुर और सीधी में 42 डिग्री, टीकमगढ़ और रतलाम में 41.8 डिग्री तथा दतिया में 41.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

बड़े शहरों में भी बढ़ी तपिश

प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। जबलपुर में 41.6 डिग्री, ग्वालियर में 41.2 डिग्री, भोपाल में 40.6 डिग्री, उज्जैन में 40.2 डिग्री और इंदौर में 40 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन शहरों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है।

प्रमुख शहर

शहर

अधिकतम

न्यूनतम

भोपाल

40.6

22.6

इंदौर

40.0

24.3

ग्वालियर

41.2

24.0

उज्जैन

40.2

21.2

जबलपुर

41.6

22.2

सबसे गर्म शहर

शहर

अधिकतम

खजुराहो

43.4

नर्मदापुरम

43.2

नौगांव

43.0

रायसेन

42.4

नरसिंहपुर

42.0

19 जिलों में लू का अलर्ट, IMD की चेतावनी

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के 19 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इनमें ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर शामिल हैं। इन इलाकों में तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान 43 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ सकता है।

रातें भी गर्म... ‘वॉर्म नाइट’ का असर 

अब प्रदेश में रात के समय भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। भोपाल समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही। मौसम विभाग के अनुसार, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक होता है, तो इसे ‘वॉर्म नाइट’ कहा जाता है। फिलहाल ‘सीवियर वॉर्म नाइट’ की स्थिति नहीं बनी है, लेकिन लगातार बढ़ते तापमान से इसके आसार बढ़ रहे हैं।

Breaking News

अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों तक प्रदेश में गर्मी का असर और तेज रहने वाला है। 23 और 24 अप्रैल को ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में हीटवेव चलने की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में भी तेज गर्मी बनी रहेगी। 25 अप्रैल को हीटवेव का दायरा और बढ़ सकता है, जिसमें उज्जैन, रतलाम, धार और अलीराजपुर जैसे जिले भी शामिल हो सकते हैं। 26 अप्रैल को भी ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड और दतिया सहित कई जिलों में लू का असर बना रहेगा, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

गर्मी से बचने के लिए क्या करें? 

मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिन के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है, क्योंकि इन पर गर्मी का असर ज्यादा पड़ता है।

यह भी पढ़ें: MP में फिर खुलेंगे RTO चेक पोस्ट: हाईकोर्ट का आदेश, 30 दिन में लागू करें फैसला

क्यों बढ़ रही है गर्मी? 

मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल और मई साल के सबसे गर्म महीने होते हैं और अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से ही तापमान तेजी से बढ़ने लगता है। इस साल फरवरी और मार्च में कई बार मौसम बदलने और बारिश-ओलावृष्टि के बाद अब अचानक गर्मी ने तेजी पकड़ी है, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts