भोपालमध्य प्रदेश

MP Weather Update : प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज… रतलाम में गिरे ओले, 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

भोपाल। मध्य प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। बार-बार तापमान में परिवर्तन हो रहा है। कहीं तेज गर्मी तो कहीं बादल छाए हुए हैं। जबकि, कहीं बारिश हो रही है। सोमवार दोपहर रतलाम जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, ओले भी गिरे। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 9 मार्च तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

यहां बारिश हुई

प्रदेश के राजगढ़, खिलचीपुर, जीरापुर, माचलपुर, भोजपुर, छापीहेड़ा समेत जिलेभर में कई जगह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। कई स्थानों पर ओले भी गिरे।

20 जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के भोपाल, रायसेन, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, कटनी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, श्योपुर, मुरैना और भिंड जिलों में बारिश होने की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार 18 किमी प्रतिघंटा रहेगी और तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम ?

मौसम विभाग की मानें तो पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के इंदौर, ग्वालियर एवं नर्मदापुरम संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई तथा शेष संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। गुना और बमौरी में 1 सेमी. बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमानों में रीवा, सागर संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ तथा नर्मदापुरम संभाग के जिलों में तापमान गिरा तथा शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। नर्मदापुरम संभाग के जिलों में सामान्य से काफी कम रीवा, सागर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागों के जिलों में तापमान सामान्य रहा। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान भोपाल, शहडोल एवं नर्मदापुरम संभागों के जिलों में काफी तापमान गिरा तथा शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। ग्वालियर, उज्जैन, रीवा एवं सागर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागों के जिलों में तामपान सामान्य रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया।

जानें मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि अगले 24 घंटों के दौरान नर्मदापुरम एवं इंदौर संभागों के जिलों तथा नीमच, मंदसौर जिलों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। इसके साथ ही नर्मदापुरम एवं इंदौर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। यहां मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम हवाएं मध्य प्रदेश में पहुंच रही हैं। इससे अरब सागर से गर्म और नम हवाएं आ रही हैं। दोनों के मिलने से मध्य भारत में क्लाउड फॉर्मेशन हो रहा है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button