Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘जिन हाथों से बनाई, आज उन्हीं से तोड़ रहे…’ उज्जैन में मस्जिद की जाली हटाते ही भावुक हुए लोग

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई जारी है। इस दौरान कुछ लोग दीवार और जाली हटाते दिखे, जबकि कई लोग दुआ करते नजर आए। पुलिस के मुताबिक, पथराव के बाद आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
‘जिन हाथों से बनाई, आज उन्हीं से तोड़ रहे…’ उज्जैन में मस्जिद की जाली हटाते ही भावुक हुए लोग
उज्जैन में मस्जिद की जाली हटाते ही भावुक हुए लोग।

उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोग खुद दीवार और जाली तोड़ते नजर आए। इस बीच मौके पर मौजूद लोग दुआ करते और मस्जिद को बचाने की गुहार लगाते दिखे। प्रशासन के मुताबिक, मस्जिद कमेटी की ओर से कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

मस्जिद की दीवार हटाते दिखे लोग

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी के दायरे में आने वाले शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान मुस्लिम समाज के कुछ लोग दीवार और जाली तोड़ते नजर आए। इस दौरान कई लोग भावुक होकर अल्लाह से मदद की दुआ मांगते रहे। वीडियो में कुछ लोग बार-बार ‘या अल्लाह’ कहते हुए मस्जिद को बचाने की गुहार लगाते सुनाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति यह कहते हुए भी सुनाई देता है कि जिन हाथों से कभी मस्जिद बनाई थी, आज उन्हीं हाथों से उसे तोड़ना पड़ रहा है। वह इसे धोखा बताते हुए अल्लाह से मदद मांगता है।

मस्जिद कमेटी खुद कर रही कार्रवाई: पुलिस

उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सभी समुदायों के लोग अपने-अपने इलाकों में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। उनके मुताबिक, शाही मस्जिद में तोड़ने का काम मस्जिद कमेटी की ओर से ही किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षा घेरा बनाया गया है। पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को कार्रवाई वाले स्थान के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

पथराव के बाद पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस

एसपी के मुताबिक, कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की और पथराव किया। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और हल्के बल का इस्तेमाल किया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस पूरे इलाके पर नजर रख रही है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं।

10 लोग हिरासत में, 5 पर अफवाह फैलाने का आरोप

पुलिस ने अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, इनमें पांच लोगों पर सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने का आरोप है। बाकी पांच लोग उज्जैन के निवासी नहीं हैं और शहर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी और ड्रोन फुटेज की मदद से पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

Breaking News

सिंहस्थ की तैयारियों पर प्रशासन का जोर

जिला कलेक्टर रोशन कुमार ने कहा कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उनके मुताबिक, इस आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसी वजह से शहर में विकास कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने बताया कि क्षत्रिय चौक स्थित धार्मिक स्थल को समुदाय के लोग खुद अपने हाथों से दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों और गलत जानकारी पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।

प्रशासन ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई के बीच पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मस्जिद कमेटी की ओर से कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट जानकारी को आगे न फैलाने की अपील की है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts