पहले घंटा, फिर मोटर... अब दान पेटी, महाकालिका मंदिर में चोरों का आतंक, तीसरी बार हुई चोरी

देपालपुर के प्रसिद्ध गोम्मटगिरी स्थित सिद्ध महाकालिका मंदिर में लगातार हो रही चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांधीनगर थाने से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित मंदिर में एक बार फिर चोरी की कोशिश हुई। यह तीसरी घटना बताई जा रही है। इस बार चोर दान पेटी का ताला नहीं तोड़ पाया तो नीचे से पैसे निकालकर ले जाता हुआ CCTV कैमरे में दिखाई दिया।
मुख्य गेट पर भी चोरी की कोशिश
बताया जा रहा है कि चोर ने मंदिर के मुख्य गेट पर भी चोरी की कोशिश की। जब वह अपने मकसद में सफल नहीं हुआ तो दान पेटी के निचले हिस्से से रकम निकालकर ले गया। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर में सुरक्षा को लेकर पहले भी शिकायतें की जाती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाएं रुक नहीं रही हैं।
पहले मोटर और फिर चोरी हो चुका बड़ा घंटा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले साल मंदिर से पानी की मोटर चोरी हुई थी। इसके बाद 13 फरवरी 2026 को मंदिर का करीब 20 से 30 किलो वजन का पीतल का बड़ा घंटा चोरी हो गया था। उस घटना में दो लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी। अब हाल की CCTV फुटेज को पुरानी घटना से जोड़कर भी देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पुरानी घंटा चोरी की फुटेज में दिख रहे एक शख्स की चप्पल और इस बार नजर आए व्यक्ति की चप्पल एक जैसी दिखाई दे रही है। हालांकि, इस समानता से आरोपी की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: 'मेरे पास मिसाइल है… तुम्हारे पास क्या?' ट्रंप को ईरान का ‘फिल्मी जवाब’, बालकृष्ण की क्लिप शेयर कर उड़ाया मजाक
नशाखोरी को लेकर भी बढ़ी चिंता
मंदिर के आसपास देर रात तक असामाजिक तत्वों के जमा होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोग मंदिर के पास नशा करते दिखाई देते हैं। नीचे की पुलिया के आसपास भी देर रात तक संदिग्ध लोगों की आवाजाही बनी रहने की बात कही जा रही है। मंदिर के पुजारियों, व्यवस्थापकों और महिलाओं की ओर से कई बार पुलिस को इसकी जानकारी दिए जाने का दावा किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद स्थिति में ज्यादा बदलाव नहीं आया।
ये भी पढ़ें: IIT बॉम्बे छात्र की मौत का मामला: परीक्षा हॉल का CCTV आया सामने, मोबाइल को लेकर क्या हुआ था?
नवरात्रि से पहले सुरक्षा बड़ा सवाल
फिलहाल नवदुर्गा उत्सव की तैयारियां चल रही हैं। महाकालिका धाम में आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में मंदिर के आसपास सुरक्षा, रोशनी और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते चोरी और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी घटना हो सकती है। अब लोगों की नजर पुलिस जांच और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर है।




















