भोपालमध्य प्रदेश

गुजरात के नतीजों से MP बीजेपी में खुशी की लहर, 2023 में जीत का दावा; CM शिवराज बोले- विकास की आंधी में उड़ी कांग्रेस

गुजरात विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जनादेश के साथ स्पष्ट बहुमत आने से मध्य प्रदेश में बीजेपी नेता एवं कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जीत का जश्न मना रहे हैं। ऐसे में अब मध्य प्रदेश में भी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में गुजरात के समान ही जीत दर्ज करने का दावा किया जा रहा है।

गुजरात में विकास की आंधी में कांग्रेस उड़ गई : सीएम

गुजरात चुनाव परिणामों में बीजेपी की बढ़त पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गुजरात की विजय सिर्फ विजय नहीं महाविजय है। अभूतपूर्व और अकल्पनीय महाविजय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति श्रद्धा, विश्वास और स्नेह का प्रकटीकरण हुआ है। जन जन के मन में वे बसे हैं। गुजरात में जो विजय हुई है, उसने सिद्ध किया है कि वास्तव में कल्पवृक्ष है। गुजरात विकास मॉडल को आज दुनिया अपना रही है। गुजरात में विकास और जनकल्याण की आंधी में कांग्रेस उड़ गई।

कांग्रेस खोजो यात्रा न निकालनी पड़े : सीएम

सीएम शिवराज ने राहुल गांधी पर तंज कंसते हुए कहा कि राहुल जी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। ऐसा ना हो बाद में उनको ‘कांग्रेस खोजो यात्रा’ निकालनी पड़े। सीएम ने कहा कि कांग्रेस का 20 पर सिमट जाना अपने आप में कांग्रेस की स्थिति को स्पष्ट करता है। भारतीय जनता पार्टी के लिए विजय अद्भुत है अभूतपूर्व है। शिवराज ने कहा कि गुजरात की जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता का विश्वास है।

मप्र में भी आएगी गुजरात की आंधी : वीडी शर्मा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम देश की राजनीति का स्वर्णिम अध्याय है। पूरे भारत के इतिहास में किसी भी राज्य में इतना रिकॉर्ड जीत मुझे नहीं लगता किसी भी दल की हुई होगी। ये पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में गुड गवर्नेंस, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी और हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी की कुशल रणनीति व सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है।

हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में हम सरकार बनाएंगे। पूर्ण विश्वास है कि गुजरात की यह आंधी 2023 में मध्य प्रदेश में भी आएगी और हम प्रचंड बहुमत से विजयी होंगे।

गुजरात के परिणाम को MP में दोहराया जाएगा : गृह मंत्री

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी गुजरात जैसी जीत दर्ज करेगी। गुजरात के परिणाम को ही मध्य प्रदेश में दोहराया जाएगा। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक और प्रचंड जीत जनता के अटूट विश्वास को दिखाती है।

ये भी पढ़ें: MP में सरपंचों को मिलेगा 4,250 रुपए मानदेय, वित्तीय अधिकारों में भी वृद्धि, सम्मेलन में CM शिवराज की ये बड़ी घोषणाएं

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button