ग्वालियरताजा खबरमध्य प्रदेश

मुरैना : लेपा गांव में खूनी संघर्ष, पुरानी रंजिश में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या; तीन की हालत गंभीर

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शुक्रवार को खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। लेपा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार के छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि, तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि सिहोनिया थाना क्षेत्र के तहत आने वाले लेपा गांव में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों पर लाठियों और हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ से हमला हुआ।

गांव में तनावपूर्ण माहौल

लेपा गांव के पास ही एक अन्य गांव स्थित है, जो एक समय चंबल के बीहड़ों के कुख्यात दस्यु सरगना के गांव से जुड़ा हुआ बताया गया है। दोनों पक्षों में जमीन को लेकर पुराना विवाद था और इस मामले में कम से कम तीन हत्याएं पहले भी हो चुकी हैं। आज जिस पक्ष पर हमला किया गया, उन्हीं पर इन हत्याओं का आरोप है। गोली लगने से दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

मृतकों की हुई पहचान

खूनी संघर्ष के दौरान लेस कुमारी पत्नी वीरेंद्र सिंह, बबली पत्नी नरेंद्र सिंह तोमर, मधु कुमारी पत्नी सुनील तोमर, गजेंद्र सिंह पुत्र बदलू सिंह, सत्यप्रकाश पुत्र गजेंद्र सिंह और संजू पुत्र गजेंद्र सिंह की मौत हुई है।

संबंधित खबरें...

Back to top button