ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

3 सीटों पर पुरुषों से ज्यादा महिला वोटर, दो पर भाजपा ने महिला प्रत्याशी उतारीं

धार में पुरुष वोटर ज्यादा फिर भी महिला उम्मीदवार मैदान में

पुष्पेन्द्र सिंह-भोपाल। नरसिंहपुर की आशा साहू कहती हैं कि जब देश में महिलाएं लगातार तरक्की कर रही हैं तो राजनीति में क्यों नहीं? भाजपा ने लोकसभा चुनाव में 6 सीटों पर महिला प्रत्याशी बनाकर आधी आबादी का ख्याल रखा है। अच्छा होता कि होशंगाबाद सीट से भी इस बार महिला प्रत्याशी को उतारा जाता। यहां पिछले चार चुनाव से एक बार भी महिला प्रत्याशी को नहीं उतारा गया।

दरअसल, प्रदेश के लोकसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस ने एक और भाजपा ने छह महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। छह में चार सीटें आदिवासी बहुल हैं। मंडला, बालाघाट और रतलाम सीटों पर पुरुषों की अपेक्षा महिला वोटर्स ज्यादा हैं। धार सीट पर सिर्फ 5,434 महिला वोटर्स कम हैं। मंडला को छोड़कर भाजपा ने तीन सीटों पर महिला प्रत्याशी उतारे हैं।

मंडला में पुरुष वोटर कम फिर भी कुलस्ते प्रत्याशी

यह चुनाव पीएम मोदी के नाम पर लड़ा जा रहा है लेकिन प्रदेश में महिलाओं पर भी ज्यादा फोकस है। मोदी ने दो साल से आदिवासी जिलों में सभाएं कर रहे हैं। यही कारण है कि बालाघाट में भारती पारधी, रतलाम में अनिता चौहान और धार सीट पर सावित्री ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है। मंडला में फग्गन सिंह कुलस्ते प्रत्याशी हैं।

भाजपा की महिला नेताओं ने बात करने से काटी कन्नी

महिलाओं पर फोकस करते हुए टिकट मिलने पर भाजपा की महिला नेत्री सुमित्रा वाल्मीकि से संपर्क किया, उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। कविता पाटीदार ने आवाज नहीं आने को कहते हुए संपर्क काट दिया। भाजपा पदाधिकारी मनीषा सिंह ने यह कहते हुए कन्नी काट ली की बाद में बात करते हैं।

बात 2019 की भाजपा: चार महिलाओं को टिकट, सभी जीतीं थीं

वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने भोपाल में प्रज्ञा सिंह ठाकुर, शहडोल में हिमाद्री सिंह, सीधी में रीति पाठक और भिंड में संध्या राय को टिकट दिया था। ये चारों महिलाएं चुनाव जीती थीं। वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने पांच महिलाओं को टिकट दिया था, इनमें एक भी नहीं जीती।

कांग्रेस ने इस बार मात्र 1 महिला को दिया है टिकट

कांग्रेस ने इस बार के लोकसभा चुनाव में एक मात्र महिला प्रत्याशी नीलम अभय मिश्रा को रीवा से टिकट दिया है। इस चुनाव में एक भी सीट पर भाजपा और कांग्रेस से महिला प्रत्याशी आमने-सामने नहीं हैं।

2004: सिवनी में आमने सामने थीं महिला प्रत्याशी

2004 में सिवनी लोकसभा में भाजपा ने नीता पटैरिया और कांग्रेस ने कल्याणी पांडेय को टिकट देकर चुनाव को रोचक बना दिया था। इसमें नीता पटैरिया की जीत हुई थी।

2024 में इन सीटों पर महिला वोटर अधिक

लोकसभा     महिला     पुरुष        अंतर            प्रत्याशी (भाजपा)
मंडला          10.48      10.48         834             फग्गन सिंह
धार              9.69        9.74          (-)5,434       सावित्री ठाकुर
बालाघाट       9.41        9.29          12,387         भारती पारधी
रतलाम         10.49      10.35        13,931         अनिता चौहान
(महिला-पुरुष मतदाता संख्या लाख में)

संबंधित खबरें...

Back to top button