मर्डर वाली मोहब्बत...!ऑफिस में घुसकर युवती की बेरहमी से हत्या, चाकुओं से गोदा; आरोपी ने खुद को भी किया घायल

मोहाली के फेज-11 इलाके में स्थित एक लॉजिस्टिक्स कंपनी के ऑफिस में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे दर्दनाक वारदात हुई। यहां एक युवक ने 30 साल की युवती पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी उसी कंपनी में काम करता था और अचानक ऑफिस में घुसकर उसने हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, युवती डिंपल (30) कंपनी की डिस्पैच टीम में काम करती थी। आरोपी हरजिंदर (34) भी उसी ऑफिस में कर्मचारी था। दोनों के वर्क स्टेशन पास-पास थे। बताया गया कि आरोपी सीधे युवती के केबिन में पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
स्टाफ ने रोकने की कोशिश की
हमले के दौरान ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर धमका दिया। हमले के बाद युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
आरोपी ने खुद को भी नुकसान पहुंचाया
घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या की कोशिश की। इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती डिंपल को मृत घोषित कर दिया। आरोपी का इलाज जारी है।
शुरुआती जांच में प्रेम संबंध की बात
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे, जो बाद में टूट गया था। बताया जा रहा है कि ब्रेकअप के बाद आरोपी मानसिक रूप से परेशान था और इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस इस एंगल की अभी पूरी जांच कर रही है।
परिजनों ने रिश्ते की बात से किया इनकार
वहीं, युवती के परिजनों ने प्रेम संबंध की बात को गलत बताया है। परिजनों का कहना है कि डिंपल अपनी हर निजी बात परिवार से साझा करती थी और किसी तरह के रिश्ते की जानकारी नहीं थी।
पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली है। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे असल कारणों का जल्द पता लगाया जाएगा।
थाना फेज-11 पुलिस के अनुसार, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अभी तक हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।











