मिर्जापुर में आग का गोला बनी बोलेरो, 11 की मौत :PM मोदी-CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान, मुंडन कराकर लौट रहा था परिवार

मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। ब्रेक फेल ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मारी, जिसमें बोलेरो सवार 9 लोग जिंदा जल गए। मृतकों में एक ही परिवार के सदस्य शामिल हैं। राष्ट्रपति और पीएम ने शोक जताया, जबकि केंद्र सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है।
Follow on Google News
PM मोदी-CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान, मुंडन कराकर लौट रहा था परिवार

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात हुआ सड़क हादसा बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला है। एक परिवार जो खुशी-खुशी मुंडन संस्कार कराकर लौट रहा था, वह कुछ ही पलों में हादसे का शिकार हो गया। एक ट्रक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया, जिसकी वजह से 11 लोगों की जान चली गई। इस दौरान बोलेरो में सवार 9 लोग जिंदा जल गए, जिनमें 8 एक ही परिवार के थे।

कैसे हुआ हादसा? 

मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ के पास यह हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। एक ट्रक ढलान से नीचे उतर रहा था, तभी अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया और वह अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार में ट्रक ने सबसे पहले आगे चल रही कार को टक्कर मारी, फिर एक ट्राले से जा भिड़ा। इस टक्कर के बाद पीछे आ रही बोलेरो भी ट्राले से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहनों के टकराने के बाद पूरा घटनाक्रम कुछ ही सेकंड में हो गया।

बोलेरो बनी आग का गोला, अंदर फंसे लोग जिंदा जले

टक्कर के बाद बोलेरो उछलकर अलग जा गिरी और उसमें तुरंत आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही क्षणों में पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंसकर जिंदा जल गए। दूसरी ओर कार ट्रक और ट्राले के बीच बुरी तरह फंस गई, जिससे उसमें सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

एक ही परिवार के 8 लोगों की दर्दनाक मौत

बोलेरो में सवार सभी लोग मिर्जापुर के जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के रहने वाले थे। परिवार मध्य प्रदेश के मैहर से एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहा था। इस हादसे में परिवार के 8 सदस्यों की जान चली गई, जिनमें महिलाएं, युवा और छोटे बच्चे भी शामिल थे। मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डाल दिया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

राष्ट्रपति और पीएम ने जताया शोक

इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं प्रधानमंत्री ने भी शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के साथ अपनी संवेदनाएं साझा कीं।

Twitter Post

पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे के बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया है। इसके तहत मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया है।

Twitter Post

CM योगी और सांसद अनुप्रिया पटेल का बयान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को 02-02 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु निर्देश दिए गए हैं।

Twitter Post

वहीं मिर्जापुर की सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

Twitter Post

हादसे में जान गंवाने वाले 11 लोग

इस हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हुई, जिनमें बोलेरो में सवार 9 लोग, एक कार चालक और ट्रक का क्लीनर शामिल हैं। मृतकों में प्रियंका सिंह, कार्तिकेय सिंह, पीयूष सिंह, पंकज सिंह, बीना सिंह, वंदना सिंह, शिवा सिंह, सोनम सिंह और बोलेरो चालक विष्णु सिंह शामिल हैं। इसके अलावा कार चालक जय प्रकाश और ट्रक क्लीनर विकास शर्मा की भी इस हादसे में जान चली गई।

मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन बोलेरो में लगी आग इतनी तेज थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जले हुए वाहनों से शवों को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने क्या कहा?

मिर्जापुर की एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि, हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। ढलान पर उतरते समय ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts