Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राष्ट्रीय स्मृति परिसर में बनेगा पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का स्मारक, शर्मिष्ठा ने PM मोदी का जताया आभार

राष्ट्रीय स्मृति परिसर में बनेगा पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का स्मारक, शर्मिष्ठा ने PM मोदी का जताया आभार
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्मृति क्षेत्र परिसर में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का एक स्मारक स्थापित करने का निर्णय लिया है। मुखर्जी का 31 अगस्त 2020 को निधन हो गया था। पूर्व राष्ट्रपति की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उनके पिता को सम्मानित करने के लिए आभार जताया।

सरकार ने पत्र भेज दी थी सूचना

सरकार ने शर्मिष्ठा मुखर्जी को इस निर्णय की जानकारी देते हुए एक पत्र में कहा, ‘‘सक्षम प्राधिकारी ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की समाधि बनाने के लिए राष्ट्रीय स्मृति परिसर (राजघाट क्षेत्र का एक हिस्सा) में एक निर्दिष्ट स्थल को चिह्नित करने को मंजूरी दे दी है।'' पत्र प्राप्त करने के बाद, शर्मिष्ठा ने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देने के वास्ते उनसे मुलाकात का समय मांगा।

शर्मिष्ठा ने मुलाकात की तस्वीरें शेयर की

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पीएम के साथ मुलाकात की तस्वीरें एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और बाबा (प्रणब) के लिए स्मारक बनाने संबंधी मोदी सरकार के फैसले के लिए तहे दिल से शुक्रिया अदा किया और आभार जताया। यह इसलिए भी अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि हमने इसके लिए कहा ही नहीं था।'' शर्मिष्ठा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के इस अप्रत्याशित, लेकिन वास्तव में उदार भाव से मैं बहुत अभिभूत हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘बाबा कहा करते थे कि राजकीय सम्मान मांगा नहीं जाना चाहिए, बल्कि यह प्रदान किया जाना चाहिए। मैं बहुत आभारी हूं कि प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा की स्मृति का सम्मान करने के लिए ऐसा किया।'' उन्होंने सरकार द्वारा भेजे गए पत्र को साझा करते हुए कहा, ‘‘इससे बाबा पर कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह अब कहां हैं - प्रशंसा या आलोचना से परे। लेकिन उनकी बेटी के लिए, मेरी खुशी को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।''

शर्मिष्ठा ने कांग्रेस पर साधा था निशाना

बता दें कि बीते दिनों शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस प्रस्ताव की आलोचना की थी, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के​ लिए दिल्ली में एक अलग स्मारक बनाने की मांग की गई थी। खड़गे ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर पूर्व प्रधानमंत्री के स्मारक के लिए दिल्ली में जमीन आवंटित करने की मांग की थी।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts