दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी के पिता राधाकांत बाजपेयी (85) का निधन हो गया है। वो काफी समय से बीमार थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मनोज बाजपेयी के करीबी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की है। एक महीने से एक्टर के पिता अपने छोटे पुत्र सुजीत बाजपेयी की देखरेख में दिल्ली में थे। सुजीत बाजपेयी भारत सरकार में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। पिता के बीमार होने की सूचना मिलने पर केरल में अपने फिल्म की शूटिंग में व्यस्त मनोज दिल्ली पहुंच गए थे। मनोज को अपने पिता से गहरा लगाव था। एक्टर के पिता राधाकांत बाजपेयी पेशे से एक किसान हैं।
मनोज भैया के पिताजी नहीं रहे। उनके साथ गुज़ारे पल याद आ रहे हैं। यह तस्वीर मैंने भितिहरवा आश्रम में ली थी। बड़े धीरज वाले आदमी थे। बेटे के ऐश्वर्य की छुअन से हमेशा ख़ुद को दूर रखा। मामूली बाने में बड़े आदमी थे। नमन। श्रद्धांजलि।@BajpayeeManoj pic.twitter.com/mv4NzhMLLo
— Avinash Das (@avinashonly) October 3, 2021
पिता के सपने को किया पूरा
मीडिया से बातचीत करते हुए मनोज बाजपेयी ने कहा था कि उनके पिता ने उन्हें हमेशा पहले पढ़ाई पूरी करने की सलाह दी। मनोज ने कहा, ‘18 साल की उम्र में मैं बिहार के एक गांव से दिल्ली आया। मैंने दिल्ली यूनिवर्सिटी ज्वॉइन की। ग्रेजुएशन खत्म किया जो कि मेरे पिता का सपना था। वह नहीं चाहते थे कि मैं अपनी पढ़ाई छोड़ूं। मनोज बाजपेयी ने अभी तक अपने पिता के स्वास्थ्य के बारे में कोई अपडेट नहीं दिया है।
डायल 100 फिल्म में आए नजर
मनोज बाजपेयी आखिरी बार फिल्म डायल 100 में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ साक्षी तंवर और नीना गुप्ता भी दिखाई दीं थीं। इसके अलावा वह स्पाई थ्रिलर वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ में नजर आए थे। इसका निर्देशन मशहूर डायरेक्टर जोड़ी राज और डीके ने किया था। इसके लिए इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में उन्होंने बेस्ट परफॉर्मेंस इन वेब सीरीज का अवॉर्ड भी जीता।