Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मतदान कराकर लौट रहे मतदान दल की बस खड़े ट्रक से टकराई, होमगार्ड जवान की मौत, 9 घायल

मतदान कराकर लौट रहे मतदान दल की बस खड़े ट्रक से टकराई, होमगार्ड जवान की मौत, 9 घायल
मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर संसदीय क्षेत्र में सोमवार को हुए मतदान के बाद चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की एक बस हादसे का शिकार हो गई, जिसमें एक होमगार्ड जवान की मृत्यु की खबर है। जबकि 9 लोग घायल हैं। तीन घायल कर्मचारी को इंदौर रेफर किया गया है। सोमवार को चौथे चरण के चुनाव के बाद मतदान सामग्री जमा करवाने के लिए पोलिंग पार्टी मंदसौर पहुंची थी। सामग्री जमा करवाने के बाद आज सुबह 10 कर्मचारी निजी यात्री बस से घर लौट रहे थे, इसी दौरान हादसा हो गया। ये हादसा सुवासरा-मंदसौर रोड पर बसई के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ।

सड़क पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकराई बस

जानकारी के अनुसार, जिले में सोमवार को चुनाव होने के बाद देर रात तक मतदान सामग्री जमा करवाने के लिए पोलिंग पार्टी मंदसौर पहुंचती रही। मतदान सामग्री जमा करवाने के बाद आज सुबह करीब 10 कर्मचारी घर लौट रहे थे। इसी दौरान बस सुवासरा-मंदसौर रोड बसई के पास सड़क पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस हादसे में होमगार्ड के जवान की मौत हुई है। वहीं घायलों को पहले सीतामऊ प्राथमिक केंद्र भेजा गया जहां से तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बता दें, जवान मनोहर सिंह राजस्थान के राजसमंद जिले खिमखेड़ा का निवासी था।

हादसे में ये हुए घायल

वहीं घायलों में राजेश पिता मोहनलाल, रामगोपाल पिता कन्हैया लाल राठौर, अनिल पिता राधेश्याम तिवारी, श्रवण पिता नरेंद्र कुमार जैन, कैलाश पिता गोवर्धन लाल गुर्जर, राजेंद्र पिता देवी प्रसाद श्रीवास्तव, दीप्ति पति राजेंद्र श्रीवास्तव, गोपाल पिता मंगस, निवासी बावड़ी खेड़ा चंदवासा एवं तेजमल पिता चिरंजीवी लाल मेघवाल, निवासी भवानी मंडी शामिल हैं।

कलेक्टर-एसपी पहुंचे अस्पताल

हादसे के बाद कलेक्टर दिलीप कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने जिला अस्पताल पहुंचकर बस दुर्घटना में घायल चुनावी कर्मचारियों के हाल-चाल पूछे तथा सिविल सर्जन एवं सीएमएचओ को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों का बेहतर तरीके से इलाज किया जाए। कलेक्टर कार्यालय की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुवासरा-मंदसौर रोड पर स्थानीय राठौर कॉलोनी के पास बस और ट्राले की भिड़ंत में चुनावी ड्यूटी से आ रहे बस सवार कर्मचारी घायल हो गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के बाद इंदौर रेफर किया जा रहा है। https://twitter.com/JagdishDevdaBJP/status/1790226430703603903

डिप्टी सीएम ने दिए उपचार व्यवस्था के निर्देश

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने हादसे के संबंध में एक्स पर पोस्ट किया,‘‘मंदसौर जिले के सुवासरा के निकट चुनाव ड्यूटी के सेवारत कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस एवं ट्राले की टक्कर में एक होमगार्ड जवान की मृत्यु एवं कर्मचारियों के घायल होने का समाचार दु:खद है। दिवंगत जवान के प्रति भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवारजन के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है। स्थानीय अधिकारियों को घायलों की पर्याप्त उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए हैं।‘‘ ये भी पढ़ें- Bhopal News : बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी स्कूल संचालक गिरफ्तार
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts