Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एक्टर रजत बेदी की कार से टक्कर के बाद घायल शख्स की मौत, पुलिस ने दर्ज किया केस

मुंबई। अभिनेता रजत बेदी के खिलाफ मुंबई के डीएन नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज हुई है। दरअसल, एक्टर रजत बेदी ने सोमवार रात को सड़क पर एक 39 वर्षीय व्यक्ति को अपनी गाड़ी से टक्कर मार दी थी। रजत ने उस शख्स को कूपर अस्पताल में तुरंत एडमिट जरूर करवाया, लेकिन बुधवार को उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने बताया था कि रजत ने ऐक्सीडेंट के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया था और मदद का वादा किया था। हालांकि बाद में वह गायब हो गए। वहीं अब मुंबई पुलिस ने एक्टर के खिलाफ IPC की धारा 304A के तहत लापरवाही से हुई मौत केस दर्ज करके अपनी जांच शुरू कर दी है।

एक्सीडेंट के समय नशे में था मृतक

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को अंधेरी के एक मंदिर के पास एक्सीडेंट हुआ था। उस वक्त रजत बेदी अपने घर जा रहे थे। पैदल जा रहे राजेश नशे में थे और अचानक सड़क के बीच में आ गए। रजत जब तक ब्रेक लगा पाते तब तक वह गाड़ी के नीचे आ गए।

मदद का दिया था आश्वासन

रजत ने घायल को कूपर अस्पताल में भर्ती करवाया। उसके बाद उन्होंने डीएन नगर पुलिस स्टेशन जाकर पुलिस को घटना की जानकारी भी दी। वहीं पीड़ित की पत्नी का आरोप है कि, एक्टर ने अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद इलाज में मदद का आश्वासन दिया था। लेकिन उसके बाद वो वापस नहीं आए।

कई फिल्मों में काम कर चुके हैं रजत

रजत बेदी भारतीय फिल्म एक्टर और टेलीविजन निर्माता हैं, जो कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके हैं। इन्हें कोई मिल गया (2003) के अपने राज सक्सेना के किरदार निभाने के कारण जाना जाता है। उन्होंने रक्त (2004), खामोश... खौफ की रात (2005) और रॉकी-दी रिबल (2006) समेत करीब 40 फिल्मों में काम किया है। रजत बेदी को कोई मिल गया, हैलो कौन और करन अर्जुन फिल्मों से पहचान मिली। वह जानी दुश्मन में सुनील शेट्टी और सन्नी देओल के साथ काम कर चुके हैं। फिलहाल वे अपने बिजनेस पर फोक्स कर रहे हैं।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts