Maihar Road Accident: चलते ट्रक में बिगड़ी चालक की तबीयत, खड़ी यात्री बस से टकराया क्लिंकर लोड ट्रक; ट्रक ड्राइवर की मौत

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामवन पथ गमन मार्ग पर उमरी पैला के पास क्लिंकर से भरा एक ट्रक सड़क किनारे खड़ी यात्री बस से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वाहन चलाते समय चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद ट्रक बेकाबू हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि बस में सवार यात्री हादसे के समय बस से नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान पर बैठे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मैहर में कहां और कैसे हुआ सड़क हादसा?
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे मैहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रामवन पथ गमन मार्ग पर उमरी पैला के पास हुआ। क्लिंकर से लदा ट्रक स्थानीय सीमेंट कारखाने से उत्तर प्रदेश के रायबरेली की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बेकाबू ट्रक सड़क किनारे खड़ी यात्री बस से जा टकराया। टक्कर के कारण ट्रक और बस को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और पुलिस को सूचना दी।
रायबरेली के रहने वाले थे ट्रक चालक नीरज सिंह
हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक की पहचान 33 वर्षीय नीरज सिंह के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद नीरज ट्रक के केबिन में फंस गए थे। बस यात्री संजय साहू ने बताया कि दुर्घटना की आवाज सुनकर लोग ट्रक की तरफ पहुंचे। उस समय चालक के मुंह से झाग निकल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई कि वाहन चलाते समय उनकी तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ी होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
बस का पहिया पंचर होने से सड़क किनारे खड़ी थी गाड़ी
हादसे की चपेट में आई यात्री बस में डिंडौरी के यात्री सवार थे। वे चित्रकूट से नेत्र परीक्षण और इलाज करवाकर लौट रहे थे। रास्ते में बस का पहिया पंचर हो गया था, जिसके कारण चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और पहिया बदलने लगा। इसी दौरान ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय सभी यात्री बस से उतरकर सुरक्षित स्थान पर बैठे थे। इस वजह से किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर मैहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




















